क्राइमजशपुरलोकल न्यूज़

कुनकुरी चोरी मामले का खुलासा : जशपुर पुलिस की कार्रवाई में चोर साहिल चौहान उर्फ मंटू व चोरी का सामान खरीदने वाला दिवाकर ताम्रकार गिरफ्तार

सोना-चांदी के आभूषण बरामद, ताला तोड़ने में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी जब्त

🔹 जशपुर पुलिस ने सोना-चांदी के आभूषण व चोरी में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की

जशपुर, 11 मार्च 2026।
जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी चोर और चोरी का सामान खरीदने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार यह मामला कुनकुरी के रेमते रोड मोहल्ले का है। प्रार्थी राकेश कुमार साव (38 वर्ष) निवासी रेमते रोड कुनकुरी ने थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके बड़े पिताजी रामबिलास प्रसाद के घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने घर में रखे सोना-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ली है।

बताया गया कि रामबिलास प्रसाद अपनी पत्नी के इलाज के लिए पिछले छह महीने से रांची में रह रहे थे। इसी दौरान 19 जनवरी 2026 को उनकी पत्नी का निधन हो गया था और परिवार क्रियाकर्म के लिए रांची गया हुआ था।  9 मार्च 2026 को जब प्रार्थी वापस कुनकुरी लौटा तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और अलमारी खुली हुई है। सामान बिखरा पड़ा था। जानकारी लेने पर पता चला कि अलमारी में रखे सोने के कान के टॉप्स, एक जोड़ी चांदी की पायल, पांच नग चांदी की साठी और लगभग 1500 रुपये चोरी हो गए हैं।रिपोर्ट के आधार पर थाना कुनकुरी में बीएनएस की धारा 331(4), 305(क) और 317(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तारजांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि तुरी बस्ती निवासी साहिल चौहान उर्फ मंटू (22 वर्ष) अचानक अधिक पैसे खर्च कर रहा है।संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में चोरी करना स्वीकार कर लिया।आरोपी ने बताया कि उसने चोरी के आभूषण दिवाकर ताम्रकार (28 वर्ष) निवासी बजरंग नगर कुनकुरी को 20 हजार रुपये में बेच दिए थे।

🔹 चोरी का सामान और लोहे की रॉड बरामद

पुलिस ने खरीदार दिवाकर ताम्रकार को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसके कब्जे से चोरी के सोने के कान के टॉप्स, चांदी की पायल और पांच नग चांदी की साठी बरामद कर लिए।

साथ ही आरोपी साहिल की निशानदेही पर घर और अलमारी का ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी जब्त की गई।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

🔹 पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका

मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में
थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश कुमार यादव,
सहायक उपनिरीक्षक ईश्वर वारले,
प्रधान आरक्षक ढलेश्वर यादव,
नंदलाल यादव और लियोन कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ibnul khan

editor-in-chief

-jashpur times

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!