
पत्थलगांव। पत्थलगांव क्षेत्र के बनगांव में आयोजित भव्य फुटबॉल प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष जशपुर श्री सालिक साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बनगांव, डुमरबहार, लोकेर सहित पड़ोसी जिला सरगुजा से बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और दर्शक पहुंचे, जिससे पूरा मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सराईटोला और झिंगरेल की टीमों के बीच बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा। दोनों टीमों ने जीत के लिए शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन अंततः सराईटोला की टीम ने बाजी मारते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए श्री सालिक साय ने विजेता एवं उपविजेता टीम सहित प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान बनगांव सरपंच द्वारा क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न मांगें श्री सालिक साय के समक्ष रखी गईं। इस पर उन्होंने ग्रामीणों को कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात दी। श्री साय ने बनगांव हाई स्कूल में बाउंड्रीवाल निर्माण, लोकेश्वर महादेव स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए शेड निर्माण एवं हाई मास्ट स्ट्रीट लाइट, बनगांव प्ले ग्राउंड में मिनी स्टेडियम, बाजार निर्माण तथा प्ले ग्राउंड के पास भवन निर्माण की घोषणा की। इन घोषणाओं पर ग्रामीणों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
श्री सालिक साय ने कहा कि ग्राम विकास और जनहित से जुड़े कार्यों के साथ सड़क सहित मूलभूत सुविधाओं के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे। उन्होंने ग्रामीणों से क्षेत्र की आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी भी ली तथा भरोसा दिलाया कि प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
ग्रामीणों की मांगों को सुनकर मौके पर ही विकास कार्यों की घोषणाएं करने का यह अंदाज क्षेत्रवासियों के बीच चर्चा का विषय रहा। यही सहजता और ग्रामीणों से सीधा संवाद श्री सालिक साय की जननेता के रूप में पहचान को मजबूत करता है।
कार्यक्रम में बनगांव के सरपंच, सरपंच प्रतिनिधि सहित अन्य गणमान्य नागरिक, आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
IBNUL KHAN
EDITOR-IN-CHIEF
JASHPUR TIMES







