क्राइमछत्तीसगढ़जशपुरटॉप न्यूज़लोकल न्यूज़

ऑपरेशन शंखनाद: गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 गौवंश मुक्त

कुनकुरी में एक तस्कर गिरफ्तार, सिटी कोतवाली के दो पुराने मामलों में 5 फरार आरोपी भी गिरफ्तार; जनवरी से अब तक 86 प्रकरणों में 985 गौवंश मुक्त

जशपुर। गौवंश तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में पुलिस द्वारा तस्करी में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी अभियान के तहत 2 सितंबर 2026 को थाना कुनकुरी पुलिस ने 8 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं, थाना सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने गौवंश तस्करी के दो पुराने मामलों में फरार चल रहे 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।

कुनकुरी में 8 गौवंश मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर की रात थाना कुनकुरी की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान ग्राम हर्राडांड के पास मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति टांगरबहरी रोड की ओर से गौवंशों को पैदल हांकते हुए झारखंड की ओर ले जा रहे हैं।

सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर एक व्यक्ति को 8 गौवंशों के साथ हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान अशोक कुमार यादव (37 वर्ष), निवासी ग्राम वासुदेवपुर, थाना दुलदुला, जिला जशपुर के रूप में हुई।

पुलिस द्वारा गौवंशों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। मामले में थाना कुनकुरी में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन एवं लकड़ी का डंडा भी जब्त किया है।

पुराने दो मामलों में 5 फरार आरोपी गिरफ्तार

थाना सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने गौवंश तस्करी के 6 जनवरी 2026 और 22 फरवरी 2026 के दो पुराने मामलों में कार्रवाई करते हुए 5 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

6 जनवरी को डूमरटोली क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 10 गौवंश मुक्त कराए गए थे। वहीं 22 फरवरी को किनकेल क्षेत्र में कार्रवाई कर 4 गौवंशों को मुक्त कराया गया था। दोनों मामलों में कुछ आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया गया था, जबकि विवेचना के दौरान अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आने के बाद उनकी तलाश जारी थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने लगातार पतासाजी एवं विशेष पुलिसिंग करते हुए पांचों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. बीरबल राम भगत, 45 वर्ष, ग्राम डुमरटोली, थाना जशपुर
  2. मो. अफसर खान, 37 वर्ष, ग्राम लोदाम, थाना कुनकुरी
  3. शाहिद खान, 26 वर्ष, खरवाटोली, थाना नारायणपुर
  4. मुस्तकीम खान, 48 वर्ष, मधुबन टोली, जशपुर
  5. ताजुद्दीन खान, 43 वर्ष, खरवाटोली, थाना नारायणपुर

जनवरी से अब तक 985 गौवंश मुक्त

जशपुर पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन शंखनाद के तहत जनवरी 2026 से अब तक गौवंश तस्करी के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई है।

  • 86 प्रकरणों में 985 गौवंश मुक्त
  • 92 गौ तस्कर गिरफ्तार कर जेल भेजे गए
  • 31 वाहन जब्त, जिनका उपयोग तस्करी में किया जा रहा था

पुलिस का कहना है कि गौवंश तस्करी के नेटवर्क से जुड़े आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ लगातार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस कप्तान का सख्त संदेश

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि गौवंश तस्करी को लेकर जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है। तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए मुखबिर तंत्र को और मजबूत एवं सक्रिय किया गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि गौवंश तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी कर गिरफ्तारी की जाएगी और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी रहेगा।

कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

थाना कुनकुरी टीम: प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव, अजय कुजूर, आरक्षक मुर्शीद आलम, सुदर्शन कुमार, कन्हैया यादव एवं साइबर टीम।

थाना सिटी कोतवाली जशपुर टीम: निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज साहू, प्रधान आरक्षक प्रीतम टोप्पो, आरक्षक उपेंद्र सिंह, विनोद तिर्की, नगर सैनिक रवि डनसेना सहित पुलिस टीम।

IBNUL KHAN

EDITOR-IN-CHIEF

JASHPUR TIMES

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!