सरगुजा में नाबालिगों के अपहरण के बाद सामूहिक दुष्कर्म, 3 नाबालिग सहित 6 आरोपी गिरफ्तार
शादी समारोह से लौट रही लड़कियों को बनाया निशाना, कांग्रेस ने गठित की 5 सदस्यीय जांच टीम

सरगुजा। जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़कियों के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने 3 नाबालिग सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना 24 अप्रैल की बताई जा रही है, जब शादी समारोह से लौट रही 4 नाबालिग लड़कियां देर रात अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उन्हें रोककर जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि इस दौरान एक लड़की मौके से भागने में सफल रही, जबकि दूसरी भी वहां से निकल गई। वहीं दो नाबालिग लड़कियों के साथ सुनसान स्थान पर जबरन दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद पीड़िताओं ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी।
जांच और कार्रवाई
मामले की शिकायत पर पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया। सरगुजा एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ढिल्लों के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाते हुए कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 3 नाबालिग शामिल हैं।
मेडिकल जांच के बाद पुष्टि
परिजनों द्वारा उच्च अधिकारियों से शिकायत के बाद पीड़िताओं का मेडिकल परीक्षण अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में कराया गया, जहां दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।
कांग्रेस ने बनाई जांच टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस कमेटी ने 5 सदस्यीय जांच दल गठित किया है। टीम घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेगी। साथ ही 2 मई को छत्तीसगढ़ की सहप्रभारी जरिता लैतफलांग भी गांव पहुंचकर परिजनों से मिलेंगी।
IBNUL KHAN
EDITOR-IN-CHIEF
JASHPUR TIMES








