क्राइमजशपुरलोकल न्यूज़

पीडीएस बारदानों के गबन मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, 8.39 लाख की 33 हजार से ज्यादा बोरियों का किया था गबन

मुख्य आरोपी रिजवान अली व खरीददार सुधीर साहू को कांसाबेल पुलिस ने दबोचा, पिकअप वाहन व 4000 बारदानें जब्त

जशपुर।

जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र में पीडीएस बारदानों (बोरियों) के गबन के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने करीब 8 लाख 39 हजार 500 रुपये की 33 हजार 580 नग पीडीएस बारदानों का गबन किया था।

मामले में मुख्य आरोपी रिजवान अली (37 वर्ष) निवासी ग्राम देवेल्ला पारा, मानपुर थाना सूरजपुर जिला सूरजपुर तथा बारदानों के खरीददार सुधीर साहू (42 वर्ष) निवासी मठपारा, बिलासपुर चौक अंबिकापुर जिला सरगुजा को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक MP 65-GA-0244 और 4000 नग बारदानों को भी जब्त किया है।

ऐसे हुआ मामले का खुलासा

जानकारी के अनुसार 8 सितंबर 2025 को प्रार्थी अजय कुमार ठाकुर, जिला विपणन अधिकारी, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित जशपुर ने थाना कांसाबेल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2022-23 में शासकीय उचित मूल्य दुकानों से पीडीएस बारदानों के संकलन के लिए आरोपी रिजवान अली को अनुबंध के आधार पर परिवहन का कार्य दिया गया था।

जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी ने विकासखंड कांसाबेल की उचित मूल्य दुकानों से 33,580 बारदानों का संकलन कर उन्हें विपणन संघ कुनकुरी के गोदाम में जमा नहीं किया, बल्कि शासकीय संपत्ति का गबन कर लिया।

पुलिस ने ऐसे पकड़ा आरोपियों को

मामले में कलेक्टर जशपुर के निर्देश पर जांच समिति गठित की गई थी। रिपोर्ट मिलने के बाद थाना कांसाबेल में आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 408, 420 व 411 के तहत अपराध दर्ज किया गया।

जशपुर जिले के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश में सूरजपुर और अंबिकापुर भेजा गया। पुलिस टीम ने सूरजपुर से रिजवान अली और अंबिकापुर से सुधीर साहू को हिरासत में लिया

पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया

इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

मामले की कार्रवाई में उप निरीक्षक अशोक यादव, सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार यादव, आरक्षक राजकुमार भगत, सुभाष चंद्र बोस और नगर सैनिक जोगेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस मामले की जांच जारी रखते हुए बाकी बारदानों की बरामदगी का प्रयास कर रही है।

इबनुल खान 

एडिटर-इन-चीफ, Jashpur Times -सच सब तक 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!