छत्तीसगढ़जशपुरटॉप न्यूज़दुनियालोकल न्यूज़

किनकेल घाट में वज्रपात से युवक की मौत, जशपुर पुलिस ने जारी की सुरक्षा सलाह

देशदेखा पिकनिक के दौरान खुले मैदान में गिरी आकाशीय बिजली, 25 वर्षीय युवक की हुई मौत

जशपुर। जिले के किनकेल घाट के समीप रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान गौरव खलखो (25 वर्ष), निवासी ग्राम भुरसा, थाना कुनकुरी के रूप में हुई है। घटना के बाद जशपुर पुलिस ने जिलेवासियों से बारिश और वज्रपात के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 की शाम करीब 4:30 बजे गौरव खलखो अपने साथियों के साथ कार से देशदेखा क्षेत्र पिकनिक मनाने गया था। तेज गर्जना, बिजली चमकने और हल्की बारिश के बाद जब मौसम कुछ सामान्य हुआ तो सभी साथी फोटो खिंचवाने के लिए खुले मैदान में उतर गए। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से गौरव उसकी चपेट में आ गया और मौके पर बेहोश हो गया।

साथियों ने तत्काल उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना जशपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मृत्यु का कारण वज्रपात पाया गया है।

पुलिस कप्तान की अपील

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिले के नागरिकों से वर्षा ऋतु में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने, तेज गर्जना, बिजली चमकने और बारिश के दौरान खुले मैदान, खेत, पहाड़ी क्षेत्रों, जंगल तथा ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।

उन्होंने लोगों से अनावश्यक रूप से मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, सुरक्षित पक्के भवनों में शरण लेने तथा बिजली के खंभों, हाईटेंशन लाइनों, मोबाइल टावरों, नदियों, तालाबों और जलाशयों से दूर रहने की भी सलाह दी है।

ग्रामीण एवं वन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आग्रह किया गया है।

जशपुर पुलिस की अपील

“सावधानी ही सुरक्षा है। मौसम खराब होने पर सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और जीवन की रक्षा करें।”

IBNUL KHAN 

EDITOR-IN-CHIEF

JASHPUR TIMES

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!