जशपुर: ऑपरेशन शंखनाद में 60 किलो गौवंश मांस के साथ आरोपी गिरफ्तार, उड़ीसा से अल्टो कार में ला रहा था
कोतबा पुलिस की नाकाबंदी में पकड़ा गया आरोपी, कार समेत 60 किलो गौवंश मांस जब्त, भेजा गया जेल।

जशपुर। जिले में गौवंश मांस की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 किलो गौवंश मांस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह मामला चौकी कोतबा क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 20 मार्च 2026 की रात करीब 9:10 बजे कोतबा पुलिस चौकी के सामने मुख्य सड़क पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा राज्य के ग्राम बनडेगा से एक व्यक्ति अपनी अल्टो कार क्रमांक OR-14-G-3271 में गौवंश का वध कर मांस लेकर कोतबा के रास्ते लैलूंगा (जिला रायगढ़) की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान संदिग्ध अल्टो कार को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की जांच के दौरान अलग-अलग बैग में 1-1 किलो के कुल 60 पैकेट संदिग्ध मांस बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जीसान हुसैन (24 वर्ष) निवासी ग्राम बनडेगा, थाना तलसरा, जिला सुंदरगढ़ (उड़ीसा) बताया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मांस को जब्त किया और पशु चिकित्सक से परीक्षण कराया। परीक्षण में मांस के गौवंश का होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त अल्टो कार को भी जब्त किया गया है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी कोतबा उपनिरीक्षक बृजेश यादव, प्रधान आरक्षक अजय खेस, संजय लकड़ा तथा आरक्षक अभय चौबे, बूटा सिंह, नवनीत मिश्रा, रघुराज रजक, सुशील तिर्की और निर्मल नाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
IBNUL KHAN
Editor-in-chief
Jashpur Times







