क्राइमजशपुरलोकल न्यूज़

गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का बड़ा अभियान, डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह 50 से अधिक जवानों के साथ पहुंचे जंगल

नारायणपुर क्षेत्र के जंगलों में सर्च ऑपरेशन, संभावित रास्ते किए ब्लॉक, गांवों में बनी “पुलिस मितान टीम

जशपुर जिले में गौ तस्करी पर रोक लगाने के लिए जशपुर पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में थाना नारायणपुर क्षेत्र के संभावित गौ तस्करी मार्गों पर सघन सर्च अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह स्वयं 50 से अधिक पुलिस बल के साथ ग्राम किनकेल, खरवाटोली और पाकरकुंदर के जंगलों में पैदल पहुंचे और गौ तस्करी के संभावित रास्तों का निरीक्षण किया। पुलिस ने इन मार्गों को चिन्हित कर ब्लॉक कर दिया है तथा लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

इस दौरान कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत किनकेल, चट्टानपारा और पाकरकुंदर में “पुलिस मितान टीम” का गठन किया गया, जो क्षेत्र में होने वाली गौ तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना पुलिस को उपलब्ध कराएगी।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें गौ तस्करी, नशे के दुष्प्रभाव और बच्चों की शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

अभियान के दौरान युवाओं से रोजगार के अवसरों और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के विषय में चर्चा की गई तथा उन्हें नशे से दूर रहने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।

डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को फिर से शिक्षा से जोड़ने के लिए जशपुर पुलिस हरसंभव प्रयास करेगी।

अचानक पहाड़ियों से पुलिस बल के साथ डीआईजी के गांवों में पहुंचने से ग्रामीण आश्चर्यचकित रह गए। पुलिस अधिकारियों को अपने बीच सक्रिय देखकर ग्रामीणों का पुलिस के प्रति विश्वास और भी मजबूत हुआ तथा उन्होंने हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस सर्च अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पटनवार, एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा, एसडीओपी कुनकुरी विनोद मंडावी, थाना प्रभारी कोतवाली मोरध्वज देशमुख, थाना प्रभारी नारायणपुर उमेश प्रभाकर, थाना प्रभारी सन्ना संतोष सिंह, चौकी मनोरा प्रभारी दिनेश पुरैना, साइबर सेल निरीक्षक आशीष तिवारी सहित पुलिस बल के जवान और नवआरक्षक मौजूद रहे।

जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गौ तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और इस तरह के अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

ibnul khan 

editor-in-chief

-Jashpur Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!