नाबालिग को भगाकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, जशपुर पुलिस बिहार से लाई वापस
सोशल मीडिया से हुई थी दोस्ती, शादी का झांसा देकर ले गया था बिहार

जशपुर जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्र में नाबालिग बालिका को भगाकर दुष्कर्म करने के मामले में जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार 23 जनवरी 2026 को थाना नारायणपुर क्षेत्र के एक ग्राम निवासी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी विद्यालय जाने के बाद घर वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा आसपास और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों को संदेह था कि किसी व्यक्ति ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा लिया है। शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना से पता चला कि नाबालिग बालिका बिहार निवासी अविनाश कुमार साहनी (21 वर्ष) के साथ है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पटनवार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम को बिहार भेजा गया।
पुलिस टीम ने बिहार राज्य के सीतामढ़ी जिले में आरोपी के घर से नाबालिग बालिका को बरामद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया और जशपुर लेकर आई।
पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि उसकी आरोपी से सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती हुई थी। इसके बाद आरोपी ने प्यार और शादी का झांसा देकर उसे भगा कर बिहार ले गया, जहां उसके साथ शारीरिक शोषण किया गया।
पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 87, 61(2), 96 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5 और 6 जोड़ी गई। आरोपी अविनाश कुमार साहनी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नारायणपुर उप निरीक्षक राजकुमार कश्यप, प्रधान आरक्षक पुरन चंद पटेल, आरक्षक अविनाश सोनी, अशोक कंसारी तथा महिला आरक्षक अलमा खाखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ibnul khan
editor-in-chief
— Jashpur Times








