CM Helpline-1076 का शुभारंभ, अब शिकायतों के समाधान के लिए मिलेगा एकीकृत मंच
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर में किया शुभारंभ, टोल-फ्री नंबर, मोबाइल ऐप और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से सीधे शासन तक पहुंचा सकेंगे नागरिक

नवा रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर में CM Helpline-1076 कॉल सेंटर का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कॉल सेंटर की व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली का अवलोकन कर अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अब प्रदेशवासी अपनी शिकायतें, सुझाव एवं समस्याएं टोल-फ्री नंबर 1076, मोबाइल ऐप, ऑनलाइन पोर्टल तथा लिखित आवेदन के माध्यम से सीधे शासन तक पहुंचा सकेंगे। उन्होंने बताया कि शिकायतों की लाइव ट्रैकिंग, सतत मॉनिटरिंग एवं समयबद्ध निराकरण की व्यवस्था भी की गई है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन को अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और जनकेंद्रित बनाना है। CM Helpline-1076 आमजन और शासन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बनेगी तथा अंतिम व्यक्ति तक सुशासन की पहुंच सुनिश्चित करेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कॉल सेंटर में कार्यरत कर्मचारियों से चर्चा कर शिकायत निवारण प्रक्रिया की जानकारी भी प्राप्त की।
ibnul khan
editor-in-chief,jashpur times








