जशपुरलोकल न्यूज़

डीआईजी-एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने किया बगीचा थाना का वार्षिक निरीक्षण, अव्यवस्था पर थाना प्रभारी और मोहर्रिर को लगाई फटकार

रिकॉर्ड संधारण, मालखाना और साफ-सफाई में मिली कमियां, बेहतर पुलिसिंग व त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

बगीचा, जशपुर। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने 25 जुलाई 2026 को बगीचा थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना की कार्यालयीन व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण, मालखाना, शासकीय संपत्ति, सुरक्षा व्यवस्था और थाना परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया गया। इस दौरान रिकॉर्ड एवं शासकीय संपत्ति के रखरखाव में कमियां मिलने पर थाना प्रभारी और मोहर्रिर को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान ग्राम अपराध पुस्तिका, जरायम रजिस्टर, जब्ती माल एवं अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया गया। एसएसपी ने सभी रिकॉर्ड अद्यतन रखने, समय पर प्रविष्टियां पूर्ण करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

थाना परिसर की साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि थाना परिसर स्वच्छ, व्यवस्थित और आम नागरिकों के लिए सकारात्मक वातावरण वाला होना चाहिए।

लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

एसएसपी ने लंबित अपराधों एवं शिकायतों की समीक्षा कर पुराने मामलों का त्वरित एवं नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

गुंडा-बदमाशों पर रखें कड़ी नजर

उन्होंने थाना क्षेत्र में गुंडा-बदमाशों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की नियमित निगरानी, प्रभावी गश्त और बीट पुलिसिंग को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

महिला एवं बाल अपराधों में संवेदनशील कार्रवाई

महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई, पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और संवेदनशीलता के साथ जांच करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस मितान और जन चौपाल पर दिया जोर

डॉ. लाल उमेद सिंह ने पुलिस मितान के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने तथा जन चौपाल में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने पर भी जोर दिया।

साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने तथा तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग कर अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस कार्यालय जशपुर से उप निरीक्षक (स्टेनो) रामानंद बहिदार, रीडर मुकेश झा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

IBNUL KHAN

EDITOR-IN-CHIEF

JASHPUR TIMES

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!