छत्तीसगढ़जनकल्याणजशपुरलोकल न्यूज़

ग्राम बेतरा में पुलिस जन-चौपाल: डीआईजी-एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, ‘पुलिस मितान’ योजना की दी जानकारी

बगीचा थाना क्षेत्र के बेतरा गांव में पुलिस और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद, नशामुक्ति व सड़क सुरक्षा पर किया जागरूक

जशपुर। सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम बेतरा में पुलिस जन-चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया।

जन-चौपाल के दौरान डॉ. लाल उमेद सिंह ने ग्रामीणों को जशपुर पुलिस की महत्वाकांक्षी “पुलिस मितान” योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, सहयोग और समन्वय को मजबूत करना है। उन्होंने ग्रामीणों से गांव को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराधमुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में पुलिस की कार्यप्रणाली, नागरिकों के अधिकारों और पुलिस की जिम्मेदारियों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की शिकायत, विवाद या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने से समय पर कार्रवाई संभव हो सकेगी।

डीआईजी एवं एसएसपी ने नशामुक्त समाज की आवश्यकता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।

इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक यातायात कुंजराम चौहान ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही तेज रफ्तार, मोबाइल फोन के उपयोग और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचने की अपील की।

ग्रामीणों ने पुलिस जन-चौपाल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास बढ़ता है तथा समस्याओं को सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों को नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने तथा गांव में शांति, सद्भाव और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!