छत्तीसगढ़जनकल्याणजशपुरटॉप न्यूज़लोकल न्यूज़

स्व-सहायता समूह से जुड़कर पूनम देवी बनीं ‘लखपति दीदी’, किराना व्यवसाय से बदल रही जिंदगी

मुद्रा योजना से मिला ₹1 लाख का ऋण, अब हर महीने ₹30–35 हजार की बिक्री कर बनीं आत्मनिर्भर

जशपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसी अभियान के तहत जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड के ग्राम सिमड़ा की श्रीमती पूनम देवी आज ‘लखपति दीदी’ के रूप में अपनी नई पहचान बना रही हैं।

गणेश महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य पूनम देवी पहले परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए मजदूरी पर निर्भर थीं। सीमित आय के कारण परिवार का खर्च चलाना मुश्किल होता था। स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें बचत, ऋण सुविधा और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी मिली, जिससे उनके जीवन की दिशा बदल गई।

समूह की अन्य महिलाओं को मछली पालन, बकरी पालन और अन्य आजीविका गतिविधियों से आय अर्जित करते देख पूनम देवी भी प्रेरित हुईं। उन्होंने मार्च 2025 में मुद्रा योजना के तहत ₹1 लाख का ऋण प्राप्त किया और इस राशि से अपने छोटे से किराना व्यवसाय का विस्तार किया।

दुकान का विस्तार होने के बाद उनका व्यवसाय लगातार बढ़ने लगा। वर्तमान में उनकी दुकान से हर महीने लगभग ₹30 से ₹35 हजार तक की बिक्री हो रही है। इस आय से वे अपने परिवार का भरण-पोषण करने के साथ बच्चों की शिक्षा का खर्च भी आसानी से उठा रही हैं।

पूनम देवी का कहना है कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है और आर्थिक स्थिरता भी आई है। आज वे अपने परिवार के साथ-साथ गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई हैं।

ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से जिले में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास लगातार जारी हैं

IBNUL KHAN

EDITOR-IN-CHIEF

JASPUR TIMES

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!