जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: झारखंड से नशीले इंजेक्शन की तस्करी करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस मितान टीम की मदद से जंगल में घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी, 12,850 एमएल नशीले इंजेक्शन सहित करीब 4 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

जशपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। झारखंड से नशीले इंजेक्शन लाकर अंबिकापुर में खपाने की तैयारी कर रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन, कार, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 9 जून की रात सिटी कोतवाली जशपुर की टीम सारूडीह रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार पुलिस को देखकर जंगल की ओर भागने लगी। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी वाहन छोड़कर हाथीसार (किनकेल) के जंगल में फरार हो गए। तत्काल पुलिस मितान टीम की सहायता ली गई और जंगल में घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक लकड़ा, अमन सिंह और आलोक साय के रूप में हुई। पूछताछ और जांच के दौरान फरार आरोपी अरुण राम को अंबिकापुर से तथा नशीले इंजेक्शन सप्लाई करने वाले झारखंड निवासी मोहम्मद शमशेर खान को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 865 एमएल रेक्सोजेसिक (Buprenorphine Injection) और 1200 शीशी एविल (Pheniramine Maleate Injection) बरामद की है। जब्त नशीले पदार्थों की कीमत 81 हजार 150 रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक कार, एक मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और 6500 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्ती लगभग 3 लाख 98 हजार रुपये की है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी झारखंड के गुमला जिले के तिगरा निवासी मोहम्मद शमशेर खान से नशीले इंजेक्शन खरीदकर अंबिकापुर ले जा रहे थे। शमशेर खान के कब्जे से अतिरिक्त नशीले इंजेक्शन और बिक्री की रकम भी बरामद की गई।
मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ सिटी कोतवाली जशपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ग) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पुलिस मितानों के सहयोग से यह कार्रवाई सफल हुई है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।








