जशपुर: ऑपरेशन शंखनाद में बड़ी कार्रवाई, 12 गौवंश तस्करों के चंगुल से मुक्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
बागबहार थाना क्षेत्र में जंगल के रास्ते उड़ीसा ले जाए जा रहे थे गौवंश, पुलिस की घेराबंदी में तीन तस्कर दबोचे

जशपुर, 23 मार्च 2026। जशपुर पुलिस द्वारा गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना बागबहार क्षेत्र में 12 नग गौवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार 22 मार्च 2026 को थाना बागबहार पुलिस की टीम ग्राम कुकरगांव और खड़ामाचा की ओर जांच के सिलसिले में निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग राजाअंबा जंगल के रास्ते गौवंशों को पैदल हांकते हुए उड़ीसा राज्य की ओर ले जा रहे हैं सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर तस्करों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी
- तरुण चौहान (45 वर्ष) – ग्राम फरसा टोली, थाना बागबहार
- शोभन नागवंशी (47 वर्ष) – ग्राम खाडामाचा, थाना बागबहार
- सीताराम नागवंशी (42 वर्ष) – ग्राम कुकरगांव, थाना बागबहार
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 नग गौवंश बरामद किए, जिनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज आरोपी प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सभी गौवंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया।
इन धाराओं में मामला दर्ज
आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक अशोक शर्मा,
सहायक उप निरीक्षक हरिशंकर राम,
प्रधान आरक्षक अरविंद साय पैंकरा,
आरक्षक अनिल चौहान, पवन पैंकरा और अजय खेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का बयान
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी के मामलों को लेकर बेहद संवेदनशील है। बागबहार क्षेत्र में 12 गौवंश को तस्करों के चंगुल से छुड़ाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि गौ तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी रहेगा।
Ibnul khan
Editor-in-chief
Jashpur times








