NH-43 पर जशपुर पुलिस का बड़ा एक्शन! पिकअप से भरे 9 गौवंश बरामद, आदतन तस्कर गिरफ्तार
जशपुर पुलिस का सख्त संदेश: दो हफ्तों में 82 गौवंश छुड़ाए, तस्करों पर लगातार वार

जशपुर, 16 अप्रैल 2026। जशपुर पुलिस द्वारा गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत थाना लोदाम क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 09 नग गौवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 अप्रैल 2026 को थाना लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक JH-01-FP-3193 में भारी मात्रा में गौवंश को भरकर जशपुर से लोदाम होते हुए झारखंड राज्य की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए नेशनल हाईवे-43 स्थित भलामंडा तिराहा के पास नाकाबंदी की।
इस दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन तेज गति से भगाने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया, जिसके बाद चालक वाहन छोड़कर जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। मौके पर पहुंचकर जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें 09 नग गौवंश को ठूस-ठूस कर भरा हुआ पाया गया। पुलिस ने सभी गौवंशों को सुरक्षित बरामद करते हुए पिकअप वाहन को जप्त कर लिया।
पुलिस द्वारा आरोपी की पहचान इमरान खान (28 वर्ष), निवासी ग्राम साईं टांगर टोली, थाना लोदाम के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस ने आसपास क्षेत्र में सर्च अभियान चलाकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने एवं पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसके विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 (1) (क)(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर 15 अप्रैल 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
उल्लेखनीय है कि आरोपी इमरान खान आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध थाना लोदाम, नारायणपुर एवं कुनकुरी में पूर्व से ही गौ तस्करी एवं चोरी के कई प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, जशपुर जिले में गौ तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। विगत दो सप्ताह में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में कुल 82 नग गौवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है, साथ ही 08 तस्करों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त 2 पिकअप एवं 1 ट्रक को जप्त किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक सहबीर भगत, आरक्षक बसंत खुटिया, हेमंत कुजूर, महेश यादव एवं हरीश केवट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी के मामलों को लेकर अत्यंत गंभीर एवं सतर्क है। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है तथा टेक्निकल टीम की सहायता से लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गौ तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी रहेगा।
ibnul khan
editor-in-chief,jashpur times








