जशपुर में गौ तस्करी के मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल
ऑपरेशन शंखनाद के तहत लोदाम पुलिस की कार्रवाई, पहले 11 गौवंशों को कराया गया था मुक्त; आरोपियों के कब्जे से बाइक, मोबाइल और ₹1,000 नकद जब्त

जशपुर। जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौवंश तस्करी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बसी अहमद (35 वर्ष), निवासी साईं टांगरटोली, थाना लोदाम, जिला जशपुर तथा इमरोज खान (40 वर्ष), निवासी बरगीडांड, थाना रायडीह, जिला गुमला, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 7 दिसंबर 2025 का है। उस दौरान थाना लोदाम पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में गौवंशों को भरकर अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम भलमंडा के पास नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी की। इस दौरान पिकअप वाहन क्रमांक JH-10-BS-8773 को पकड़ा गया, लेकिन वाहन में सवार लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने वाहन की तलाशी के दौरान उसमें से 11 गौवंशों को मुक्त कराया और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त कर लिया। मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में सामने आए थे दोनों आरोपियों के नाम
विवेचना के दौरान पुलिस ने इस मामले में मंजीत जांगड़े, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम चंद्रपुर, जिला सक्ती को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में बसी अहमद और इमरोज खान के नाम सामने आए थे। इसके बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे।
पुलिस ने बताया कि 26 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना पर लोदाम के बाजार डांड़ क्षेत्र में घेराबंदी कर बसी अहमद को पकड़ा गया। वहीं, दूसरे आरोपी इमरोज खान को झारखंड के गुमला जिले के उसके गृह क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों के कब्जे से एक हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और 1,000 रुपये नकद जब्त किए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में कार्रवाई
यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू सहित आरक्षक बसंत खुटिया, बूटा सिंह, जगजीवन यादव, अजय यादव और जशवंत मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौवंश तस्करी और पशुओं के अवैध परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस अन्य मामलों में फरार आरोपियों की भी तलाश कर रही है।
IBNUL KHAN
EDITOR-IN-CHIEF
JASHPUR TIMES






