कांसाबेल में सरगुजा ओलंपिक का भव्य समापन, पुरस्कार पाकर खिले खिलाड़ियों के चेहरे
कन्या शाला प्रांगण में दो दिवसीय आयोजन का रंगारंग समापन; कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और एथलेटिक्स में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

कांसाबेल। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल सरगुजा ओलंपिक का विकासखंड स्तरीय दो दिवसीय आयोजन कांसाबेल के कन्या शाला प्रांगण में उत्साह और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह में खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर प्रतिभागियों के चेहरे खिल उठे।

इस आयोजन में विकासखंड के विभिन्न शासकीय एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन सहित एथलेटिक्स की दौड़, कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला आगे बढ़ने का मंच
सरगुजा ओलंपिक का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराना है। इस आयोजन से विद्यार्थियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के साथ खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की सीख मिली।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कांसाबेल बीडीसी शिप्रा नारायण दास एवं मंडल अध्यक्ष सुदाम पंडा शामिल हुए। उनके साथ महामंत्री केशव पांडे, उपाध्यक्ष नारायण दास सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के साथ अन्य प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार प्रदान किए गए।

करमा नृत्य की प्रस्तुति ने मोहा मन
समापन समारोह में सरगुजा की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाती रंगारंग करमा नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। अतिथियों को सरगुजा ओलंपिक की स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
मंच से संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष सुदाम पंडा ने सरगुजा ओलंपिक के आयोजन को उभरते खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने का सपना देखने वाले विद्यार्थियों को ऐसे आयोजनों से अपनी प्रतिभा निखारने और भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने इस पहल के लिए छत्तीसगढ़ शासन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्थानीय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
अधिकारियों और कर्मचारियों का रहा महत्वपूर्ण योगदान
आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कांसाबेल संदीप कुमार मरावी को नोडल अधिकारी तथा खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल राम को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। खिलाड़ियों के लिए भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए।

कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक धनवंत यादव ने किया, जबकि खेल प्रतियोगिताओं के संचालन में पीटी शिक्षक खेमसागर यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अन्य शासकीय कर्मचारियों ने भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।

कार्यक्रम के अंत में नोडल अधिकारी एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कुमार मरावी ने समापन की घोषणा करते हुए सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
IBNUL KHAN
EDITOR-IN-CHIEF
JASHPUR TIMES






