कांसाबेल में लगा सेवा सेतु समाधान शिविर, करीब 90 प्रतिशत आवेदनों का मौके पर निराकरण
विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद, ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिली सरकारी सेवाएं

कांसाबेल। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार कांसाबेल के गर्ल्स स्कूल प्रांगण में सेवा सेतु कार्यक्रम के तहत समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा प्राप्त आवेदनों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई। शिविर में आए आवेदनों में से लगभग 90 प्रतिशत का निराकरण मौके पर ही कर दिया गया।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग, नल-जल विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, क्रेडा, महिला एवं बाल विकास विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग, परिवहन विभाग और जनसंपर्क विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कांसाबेल की बीएमओ डॉ. संध्या रानी टोप्पो अपनी टीम के साथ मौजूद रहीं और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं प्रदान कीं।

जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य हिरामती पैंकरा उपस्थित रहीं। इसके अलावा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार गुप्ता, बीडीसी शिप्रा दास, कांसाबेल उपसरपंच अमित जिंदल, कांसाबेल की सचिव हेमलता रवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


जनपद पंचायत कांसाबेल के सीईओ संदीप कुमार मरावी अपनी टीम के साथ शिविर में उपस्थित रहे और कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिलीं सरकारी सेवाएं
समाधान शिविर में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि जिन कार्यों के लिए पहले विभिन्न कार्यालयों और जिला मुख्यालय जशपुर तक जाना पड़ता था, वे अब कांसाबेल में ही पूरे हो रहे हैं। इससे ग्रामीणों को समय और संसाधनों की बचत के साथ सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिल रही है।
किसान क्रेडिट पासबुक और प्रमाणपत्र वितरित
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा ग्रामीणों को किसान क्रेडिट बैंक पासबुक और प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इस पहल से हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने और शासकीय सेवाओं को सीधे लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
शेष आवेदनों का भी होगा निराकरण
जनपद पंचायत कांसाबेल के सीईओ संदीप कुमार मरावी ने बताया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों में से लगभग 90 प्रतिशत का निराकरण मौके पर कर दिया गया है। शेष आवेदनों पर भी निर्धारित समयावधि में आवश्यक कार्रवाई कर उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
सेवा सेतु समाधान शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को आम नागरिकों तक सरलता से पहुंचाना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
IBNUL KHAN
EDITOR-IN-CHIEF
Jashpur Times — सच सब तक।




