09 मई को जशपुर में नेशनल लोक अदालत, लंबित मामलों का होगा त्वरित समाधान
जिला एवं तालुका स्तर पर आयोजन, आपसी सहमति से निपटेंगे कई प्रकरण
जशपुरनगर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार 09 मई 2026 (शनिवार) को जशपुर जिले में जिला एवं तालुका स्तर पर नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
यह आयोजन जिला एवं सत्र न्यायालय जशपुर में माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार साहू की अध्यक्षता में संपन्न होगा।
लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर जिला न्यायालय जशपुर में फिजिकल एवं वर्चुअल माध्यम से बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न न्यायालयों के न्यायाधीशों एवं अधिकारियों ने भाग लिया।
किन मामलों का होगा निराकरण?
नेशनल लोक अदालत में आपसी सहमति (राजीनामा) के आधार पर विभिन्न प्रकार के मामलों का निपटारा किया जाएगा, जिनमें शामिल हैं:
- मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण
- शमनीय आपराधिक मामले
- बैंक ऋण वसूली प्रकरण
- नगर निकाय एवं दूरसंचार विभाग से जुड़े वसूली मामले
- न्यायालयों में लंबित अन्य प्रकरण
इसके अलावा राजस्व न्यायालयों में भू-अर्जन, सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा एवं अन्य राजस्व मामलों का भी निराकरण किया जाएगा।
पक्षकारों के लिए अपील
जो भी पक्षकार अपने लंबित मामलों का आपसी समझौते के माध्यम से त्वरित समाधान चाहते हैं, वे संबंधित न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत कर अपने प्रकरण को नेशनल लोक अदालत में रख सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जशपुर तथा तालुका विधिक सेवा समितियों (कुनकुरी, बगीचा, पत्थलगांव) से संपर्क किया जा सकता है।
Ibnul khan
Editor-in-chief
Jashpur times








