मोर गांव, मोर पानी, मोर तरिया” महाअभियान का शुभारंभ, 500 नए तरिया का शिलान्यास
CM विष्णुदेव साय ने जशपुर से की शुरुआत, जल संरक्षण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल

छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मोर गांव, मोर पानी, मोर तरिया” महाअभियान का शुभारंभ जशपुर के रणजीता स्टेडियम में किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने “नवा तरिया, आय के जरिया” के तहत प्रदेशभर में 500 नए तरिया (तालाब) निर्माण का शिलान्यास किया।
इस योजना के माध्यम से जल संरक्षण, भूजल स्तर में वृद्धि और कृषि के लिए सिंचाई सुविधा को बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “जल ही जीवन और विकास का आधार है” और इस अभियान के जरिए गांव-गांव में जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे किसानों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत इस अभियान के तहत 10,000 आजीविका डबरी निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके विरुद्ध 15 अप्रैल 2026 तक 13,000 से अधिक डबरी का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है।
इस योजना के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में मत्स्य पालन, बत्तख पालन, सिंघाड़ा उत्पादन, सब्जी उत्पादन और वृक्षारोपण जैसी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे लोगों को अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त होंगे।
महिला सशक्तिकरण को भी इस अभियान में प्राथमिकता दी गई है। स्व सहायता समूह की महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए हितग्राही परिवार की महिला सदस्य का नाम सूचना पटल में दर्ज किया जा रहा है।
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ग्राम सभा की स्वीकृति, उन्नत तकनीक आधारित योजना निर्माण और पारदर्शी निगरानी व्यवस्था अपनाई जा रही है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल रामप्रताप सिंह, विधायक गोमती साय, रायमुनी भगत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
यह महाअभियान जशपुर सहित पूरे प्रदेश में जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाते हुए ग्रामीण विकास और आजीविका सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल के रूप में उभर रहा है।
Ibnul khan
Editor-in-chief
Jashpur times








