जशपुर जिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी घोषित, यू.डी. मिंज के नेतृत्व में ‘टीम यूडी’ तैयार
प्रदेश कांग्रेस ने जिला कार्यकारिणी की सूची जारी की, यू.डी. मिंज के नेतृत्व में नई टीम को मिली जिम्मेदारी

जशपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जशपुर जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी की आधिकारिक घोषणा कर दी है। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार जारी की गई इस सूची में यू.डी. मिंज को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिनके नेतृत्व में अब जिले में पार्टी की गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

नई कार्यकारिणी के गठन में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है। इसमें अनुभवी नेताओं के साथ-साथ सक्रिय युवा कार्यकर्ताओं को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं।
संगठनात्मक ढांचे के तहत महेन्द्र अग्रवाल को जिला कांग्रेस का कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा पार्टी के जनाधार को मजबूत करने के उद्देश्य से 12 उपाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है, जिनमें सुमित शर्मा ,ताहिर अली, ईश्वर यादव, प्रमोद गुप्ता, नासिर अली, कुलविंदर सिंह भाटिया और श्रीमती पुष्पा कुजूर जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।
पार्टी के कार्यों में बेहतर समन्वय के लिए 17 महामंत्रियों की नियुक्ति की गई है। इनमें हंसराज अग्रवाल, विजय भास्कर शर्मा, हलीम फिरदौसी, मार्शल एक्का, मनमोहन भगत, दिलीप पाण्डेय और श्रीमती चंद्रप्रभा भगत जैसे सक्रिय नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
इसके साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए 20 सचिवों की टीम बनाई गई है। इनमें जिलाध्यक्ष यू.डी. मिंज के करीबी सरवर अली (पिंटू), माधव शर्मा ,पूनम चंद पैंकरा, घनश्याम सिदार, लोचन यादव और रवि यादव जैसे कार्यकर्ताओं को अहम जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा 10 सदस्यों को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है, जो पार्टी के महत्वपूर्ण निर्णयों और अभियानों में सहयोग करेंगे।
11 मार्च 2026 को जारी इस अनुमोदित सूची के बाद जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस संतुलित टीम के माध्यम से कांग्रेस आगामी चुनावों के मद्देनज़र जशपुर जिले में अपनी संगठनात्मक पकड़ को और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।
इबनुल खान
एडिटर-इन-चीफ
— Jashpur Times




