जशपुर में सनसनी: बेटे ने पिता की लकड़ी से वार कर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
घरेलू विवाद बना हत्या की वजह, बागबहार पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा

जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हल्दी झरिया के बढ़ई पारा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी विजय कुमार नाग (26 वर्ष) ने घरेलू विवाद के चलते अपने पिता सदानंद नाग (45 वर्ष) पर लकड़ी के टुकड़े (फाड़ी) से हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना 16 अप्रैल 2026 की शाम लगभग 4:30 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही बागबहार पुलिस मौके पर पहुंची और शव पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया। डॉक्टर की प्रारंभिक रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट को मौत का कारण बताया गया है।
मृतक की पत्नी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता उसे काम नहीं करने को लेकर डांट रहे थे, जिससे गुस्से में आकर उसने पास में रखी लकड़ी की फाड़ी से वार कर दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी भी जब्त कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को 18 अप्रैल 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा, सहायक उप निरीक्षक नारायण साहू, प्रधान आरक्षक मनधनी पैंकरा, आरक्षक पवन पैंकरा और अजय खेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं, डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ibnul khan
editor-in-chief, jashpur times





