छत्तीसगढ़जनकल्याणजशपुरटॉप न्यूज़लोकल न्यूज़

गुतकिया की निष्क्रिय सिंचाई योजना को मिला नया जीवन, 100 एकड़ भूमि को मिलेगा सिंचाई का लाभ

11.98 लाख रुपये की लागत से नहर मरम्मत कार्य पूरा, खरीफ और रबी दोनों सीजन में किसानों को मिलेगा पर्याप्त पानी

जशपुरनगर। जशपुर जिले के मनोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम गुतकिया में वर्षों से निष्क्रिय पड़ी सिंचाई योजना को पुनर्जीवित कर किसानों को बड़ी राहत दी गई है। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप पुरानी योजनाओं को पुनः उपयोगी बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

जल संसाधन विभाग द्वारा ग्राम पंचायत पण्डरसिली के आश्रित ग्राम गुतकिया में स्थित व्यपवर्तन योजना नहर मरम्मत कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इस कार्य के लिए जिला पंचायत जशपुर द्वारा मनरेगा के तहत 11.98 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी।

100 एकड़ भूमि होगी सिंचित

नहर मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र की लगभग 100 एकड़ कृषि भूमि को खरीफ और रबी दोनों मौसम में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों को समय पर पानी मिलेगा और खेती की उत्पादकता में वृद्धि होगी।

स्थानीय किसानों का कहना है कि लंबे समय से योजना निष्क्रिय होने के कारण सिंचाई की समस्या बनी हुई थी, लेकिन अब नहर के पुनर्जीवित होने से खेती आसान हो जाएगी और फसल उत्पादन में भी बढ़ोतरी होगी।

आदिवासी किसानों को होगा सीधा लाभ

यह योजना आदिवासी बहुल क्षेत्र के किसानों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी। सिंचाई सुविधा बेहतर होने से किसानों को धान के साथ-साथ अन्य लाभकारी फसलों की खेती के लिए भी प्रोत्साहन मिलेगा। इससे कृषि विविधीकरण को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों की आय में वृद्धि की संभावना है।

कृषि विभाग द्वारा किसानों को नकदी एवं वैकल्पिक फसलों की खेती अपनाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है, ताकि वे अधिक लाभ अर्जित कर सकें।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती

प्रशासन का मानना है कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से न केवल कृषि उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण होने से क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है।

यह परियोजना आदिवासी क्षेत्रों में कृषि विकास, जल प्रबंधन और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Ibnul khan
Editor-in-chief

Jashpur times

 

 

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!