ऑपरेशन आघात: जशपुर में 520 किलो गांजा जब्त, महिला समेत चार तस्कर गिरफ्तार
कुनकुरी और नारायणपुर पुलिस की तीन बड़ी कार्रवाई, तीन वाहन भी जब्त; करीब 3 करोड़ रुपये की कुल जप्ती

जशपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने कुनकुरी और नारायणपुर थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 520 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। कार्रवाई में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गांजा तस्करी में प्रयुक्त तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये और वाहनों की कीमत करीब 40 लाख रुपये है। कुल जप्ती लगभग 3 करोड़ रुपये की बताई गई है।
कुनकुरी में 494 किलो गांजा बरामद
कुनकुरी पुलिस ने 27 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे संदिग्ध बिना नंबर की बोलेरो पिकअप को थाना के सामने रोककर तलाशी ली। वाहन में सब्जियों की ट्रे के नीचे छिपाकर रखे छह बोरों से 120 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन करीब 246 किलो बताया गया। मौके से बिहार निवासी अनवर अंसारी और दिनेश कुमार केसरी को गिरफ्तार किया गया।

इसी दौरान एक संदिग्ध बिना नंबर की सेल्टोस कार पुलिस को देखकर तेज गति से भागी। पीछा किए जाने पर चालक सालियाटोली के पास वाहन छोड़कर फरार हो गया। तलाशी में कार से 120 पैकेटों में करीब 248 किलो गांजा बरामद हुआ। इस मामले में फरार आरोपी की तलाश जारी है।

नारायणपुर में कार से 26 किलो गांजा जब्त
नारायणपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक स्विफ्ट डिजायर कार में गांजा परिवहन किया जा रहा है। पुलिस ने नारायणपुर चौक में घेराबंदी कर वाहन की तलाशी ली। कार की डिक्की से 17 पैकेटों में करीब 26 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने वाहन में सवार कमल किशोर ओझा और अनिता सोनी, दोनों निवासी शिवपुरी, मध्यप्रदेश, को गिरफ्तार किया।

उड़ीसा से उत्तर प्रदेश तक तस्करी की कड़ी
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा गांजा उड़ीसा से उत्तर प्रदेश की ओर ले जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब गांजे के सप्लायर और उत्तर प्रदेश में इसे प्राप्त करने वाले व्यक्तियों की पहचान करने में जुटी है। तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
जशपुर पुलिस ने तीनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में कुनकुरी और नारायणपुर थाना पुलिस की टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और तस्करी के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” लगातार जारी रहेगा और नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Ibnul khan
Editor-in-chief
Jashpur tmes








