जनगणना कार्य में बाधा डालने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, शिक्षक से मारपीट और आईडी कार्ड छीनने का आरोप
पत्थलगांव के सुरेशपुर में जनगणना प्रगणक शिक्षक को फर्जी बताकर की थी मारपीट, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पहचान के बाद आरोपी शुभम कुजूर भेजा गया जेल

जशपुर/पत्थलगांव। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण शासकीय कार्य में बाधा डालने और जनगणना प्रगणक शिक्षक के साथ मारपीट एवं दुर्व्यवहार के मामले में पत्थलगांव पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को रायगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष कराई गई, जहां प्रार्थी शिक्षक ने उसे घटना में शामिल व्यक्ति के रूप में पहचाना।
मामला थाना पत्थलगांव क्षेत्र के ग्राम सुरेशपुर का है। पुलिस के अनुसार, 5 मई 2026 को शिक्षक सतीश कुमार सक्सेना, निवासी ग्राम कुमकेला, जनगणना प्रगणक के रूप में अपने शासकीय दायित्व का निर्वहन करने ग्राम सुरेशपुर गए थे। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें कथित रूप से फर्जी व्यक्ति बताते हुए रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट की।
आरोप है कि युवक ने शिक्षक का आईडी कार्ड छीनकर फेंक दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के कारण जनगणना का शासकीय कार्य प्रभावित हुआ।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 97/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 221, 132, 296, 351(3) एवं 115(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए। तकनीकी जानकारी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान शुभम कुजूर उर्फ बंटी कुजूर, उम्र 26 वर्ष, निवासी रामभाटा, संजय मैदान, हरदिया गली, थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। लगातार पतासाजी के दौरान मुखबिर की सूचना और तकनीकी टीम की मदद से उसके रायगढ़ स्थित घर पर मौजूद होने की जानकारी मिली। इसके बाद पत्थलगांव पुलिस एवं तकनीकी टीम ने रायगढ़ पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया।
इसके बाद नियमानुसार कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पहचान कार्यवाही कराई गई। इस दौरान प्रार्थी सतीश कुमार सक्सेना ने शुभम कुजूर की पहचान घटना में शामिल व्यक्ति के रूप में की।
पुलिस के अनुसार, पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना एवं वैधानिक कार्रवाई जारी है।
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक अनुज एक्का, चंद्र विजय साय एवं आरक्षक आकाश कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








