बरजोर स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत
पुस्तकें, गणवेश और छात्राओं को साइकिल वितरित, मेधावी विद्यार्थियों का भी हुआ सम्मान

कांसाबेल, जशपुर। विकासखंड कांसाबेल के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरजोर में शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर कक्षा पहली, छठवीं एवं नवमी के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का रोली-तिलक, पुष्पगुच्छ एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया और उन्हें विद्यालय परिवार में ससम्मान प्रवेश दिलाया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण किया गया। वहीं सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत कक्षा नवमी की पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें प्रदान की गईं। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने शासन की इस योजना के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बरजोर के सरपंच, पंचगण, शाला विकास समिति के अध्यक्ष सूरज साय एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही विद्यालय के भूतपूर्व प्राचार्य सी.बी. पैंकरा, जे.आर. यादव, सम्पत साय पैंकरा तथा वर्तमान प्राचार्य अरुण कुमार क्षितिपाल कुजूर की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपने संबोधन में अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दीं।
IBNUL KHAN
EDITOR-IN-CHIEF
JASHPUR TIMES








