क्राइमछत्तीसगढ़जशपुरटॉप न्यूज़लोकल न्यूज़

पैतृक भूमि पर कब्जे के प्रयास का आरोप, मारपीट, फसल रौंदने व छेड़छाड़ के मामले में 10 नामजद आरोपियों पर केस दर्ज

धान की फसल नष्ट करने, महिला से मारपीट व छेड़छाड़ तथा एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध

जशपुर। जशपुर जिले के अजाक थाना में ग्राम टुकूपखना, थाना पत्थलगांव निवासी संजय बड़ा एवं उनके परिवार की शिकायत पर मारपीट, फसल को नुकसान पहुंचाने, छेड़छाड़, धमकी तथा एससी/एसटी अत्याचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने शिकायत में बताया कि 17 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10 बजे आरोपियों ने कुदाल, लाठी एवं अन्य हथियारों के साथ उनके पैतृक खेत में जबरन प्रवेश किया। आरोप है कि जातिसूचक गाली-गलौज करते हुए परिवार को खेत से बाहर खदेड़ दिया गया तथा दो ट्रैक्टरों से खेत में खड़ी धान की फसल को रौंदकर नष्ट कर दिया गया।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि विरोध करने पर प्रार्थी की माता के साथ मारपीट कर उन्हें धक्का देकर गिरा दिया गया। वहीं बीच-बचाव करने पहुंची प्रार्थी की बहन के साथ छेड़छाड़, अश्लील हरकत करने तथा जबरन घसीटने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

प्रार्थी की शिकायत पर अजाक थाना जशपुर में भगवानों यादव, प्रेमचंद, नरेन्द्र यादव, पदमन, दिलबंधु, जगबंधु, नवीन यादव, बिछी यादव, दसई यादव एवं गरीब साय (सरपंच) के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के प्रावधानों के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

जशपुर पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी तथ्यों की निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

नोट: यह मामला पुलिस में दर्ज शिकायत पर आधारित है। आरोपों की सत्यता का अंतिम निर्णय न्यायालय में विचारण एवं जांच पूर्ण होने के बाद होगा।

IBNUL KHAN 

EDITOR-IN-CHIEF

JASHPUR TIMES

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!