1 माह के मासूम के अपहरण का खुलासा: जशपुर पुलिस ने 24 घंटे में बच्चे को सकुशल बरामद कर आरोपी महिला को भेजा जेल
अस्पताल में झाड़-फूंक और इलाज का झांसा देकर जीता विश्वास, खाना खिलाने के बहाने मासूम को लेकर हुई थी फरार

जशपुर। जशपुर जिले में एक माह के मासूम बच्चे के अपहरण के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मासूम को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार बच्चे की मां की तबीयत खराब होने के कारण उसे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल जशपुर में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान आरोपी महिला तारा बाई ने बच्चे के परिजनों से पहचान बढ़ाकर उनका विश्वास जीत लिया।
इलाज और झाड़-फूंक का दिया झांसा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला अस्पताल परिसर में घूमती रहती थी और बच्चे की तलाश में थी। उसने बच्चे के परिजनों को बताया कि वह बच्चे की बीमारी का झाड़-फूंक से इलाज कर सकती है। इसी बहाने उसने परिवार से नजदीकी बढ़ाई और उनका विश्वास हासिल कर लिया।
होटल में खाना खिलाने ले गई, फिर बच्चे को लेकर फरार
आरोपी महिला तारा बाई बच्चे की मां और दादी को खाना खिलाने के बहाने बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में ले गई। जब परिजन भोजन कर रहे थे, उसी दौरान वह बच्चे को गोद में लेकर वहां से फरार हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने विशेष टीम गठित कर बच्चे और आरोपी की तलाश शुरू कराई। पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें संदिग्ध महिला की तस्वीर सामने आई।
तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के बाद पुलिस टीम आरोपी महिला तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस ने आरोपी तारा बाई (35 वर्ष), निवासी ग्राम दातुनपानी, चौकी पंडरापाठ, थाना बगीचा को हिरासत में लिया और उसके कब्जे से मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
बच्चा न होने की चाहत बनी अपराध की वजह
पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसकी तीन शादियां हो चुकी हैं। पहली शादी से उसके बच्चे हैं, लेकिन बाद की दो शादियों से उसे संतान नहीं हुई। कुछ समय पहले वह चार माह की गर्भवती थी, लेकिन गर्भपात हो जाने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। इसी वजह से उसने बच्चा चोरी करने की योजना बनाई थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3) भी जोड़ी गई है। विधिवत गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी ने टीम को दी बधाई
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि बच्चे के अपहरण जैसे संवेदनशील मामले में पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए बच्चे को सुरक्षित बरामद किया है। भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपी:तारा बाई (35 वर्ष)निवासी – दातुनपानी, चौकी पंडरापाठ, थाना बगीचा, जिला जशपुर
IBNUL KHAN
EDITOR-IN CHIEF
JASHPUR TIMES








