
जशपुरनगर। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के अंतर्गत जिला चिकित्सालय जशपुर में आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर ने जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों को नई उम्मीद दी है। शिविर में जिलेभर से चिन्हित 74 बच्चों की निःशुल्क जांच की गई, जिनमें से 50 बच्चों को हृदय सर्जरी की आवश्यकता वाले मरीजों के रूप में चिन्हित किया गया है। इन सभी बच्चों का उपचार और सर्जरी रायपुर स्थित सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में पूरी तरह निःशुल्क कराई जाएगी।
कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का आयोजन चिरायु योजना के तहत एसईसीएल के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) प्रोजेक्ट “धड़कन” के अंतर्गत किया गया। शिविर में सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल रायपुर के हृदय रोग विशेषज्ञों की टीम ने बच्चों की स्क्रीनिंग और ईकोकार्डियोग्राफी जांच की।
विधायक रायमुनी भगत ने किया शुभारंभ
शिविर का शुभारंभ जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, नगर पालिका सदस्य राजू गुप्ता, रागिनी भगत सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को निःशुल्क जांच और सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराना शासन की संवेदनशीलता का प्रमाण है।
महंगे इलाज की चिंता हुई दूर
शिविर में पहुंचे कई अभिभावकों ने बताया कि हृदय रोग का इलाज बेहद महंगा होने के कारण वे अपने बच्चों का उपचार नहीं करा पा रहे थे। अब शासन की इस पहल से उन्हें बड़ी राहत मिली है और बच्चों के स्वस्थ भविष्य की उम्मीद जगी है। अभिभावकों ने राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
स्वास्थ्य विभाग की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा, सिविल सर्जन डॉ. कपिलदेव कश्यप तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक भी उपस्थित रहे। शिविर के सफल संचालन में चिरायु नोडल अधिकारी डॉ. अरविंद रात्रे, अस्पताल सलाहकार राजेश कुरील एवं समस्त चिरायु दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि चिन्हित बच्चों की सर्जरी एवं उपचार की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी, ताकि उन्हें समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
बच्चों के लिए वरदान साबित हो रही चिरायु योजना
जिले में चिरायु योजना के माध्यम से गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है और बच्चों के जीवन को नई दिशा देने का कार्य कर रही है।
Ibnul khan
Editor-in-chief
jashpur times








