प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली जशपुर की तस्वीर, 93 हजार से अधिक परिवारों को मिला पक्का घर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आवास योजनाओं से हजारों परिवारों का सपना हुआ साकार, पीएम जनमन और आवास प्लस 2.0 से भी मिल रहा लाभ

जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं का असर अब जशपुर जिले में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जिले के हजारों परिवारों को पक्के मकान का लाभ मिला है, जिससे उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। वर्षों तक कच्चे मकानों में जीवन यापन करने वाले परिवार अब सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम जनमन योजना के माध्यम से गरीब एवं विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही आवास प्लस 2.0 के तहत ऐसे परिवारों का भी सर्वे किया जा रहा है जो किसी कारणवश पूर्व में योजना के लाभ से वंचित रह गए थे।
योजना का उद्देश्य पात्र परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल, बिजली, शौचालय और एलपीजी जैसी मूलभूत सुविधाओं से युक्त आवास प्रदान करना है। जिन परिवारों का जीवन वर्षों तक अभाव और संघर्ष में बीता, उनके लिए यह योजना किसी वरदान से कम साबित नहीं हुई है।
जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार जशपुर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक कुल 1 लाख 26 हजार 18 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें से 93 हजार 506 आवास पूर्ण हो चुके हैं और हजारों परिवार इन घरों में सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
इसी प्रकार पीएम जनमन योजना के अंतर्गत वर्ष 2023 से 2025 के बीच जिले में 2040 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 1494 से अधिक आवासों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। इन आवासों का लाभ विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के परिवारों को भी मिला है, जो अब सभी बुनियादी सुविधाओं के साथ अपने नए घरों में निवास कर रहे हैं।
पीएम जनमन योजना का उद्देश्य विशेष रूप से जनजातीय समुदायों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके तहत आवास के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, पोषण, सड़क और दूरसंचार कनेक्टिविटी तथा आजीविका के अवसरों को भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
जिले में आवास प्लस 2.0 के तहत व्यापक सर्वे अभियान चलाया गया है। इस दौरान 1 लाख 2 हजार 371 परिवारों का पुनः सर्वे किया गया है, जिन्हें पात्रता के आधार पर विभिन्न आवासीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
जिला प्रशासन का मानना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने न केवल लोगों को पक्की छत दी है, बल्कि उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास भी बढ़ाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आवास योजनाओं का यह अभियान आने वाले समय में और अधिक परिवारों तक पहुंचेगा, जिससे हर जरूरतमंद को अपना घर मिल सकेगा।








