जशपुर पुलिस का मानवीय पहल: “पुलिस सैलरी पैकेज” से दिवंगत आरक्षक रमेश बड़ा के परिवार को 1 करोड़ की बीमा सहायता
एसबीआई के माध्यम से दिवंगत आरक्षक रमेश बड़ा की पत्नी सोलमा बाई को मिली आर्थिक मदद, डीआईजी व एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह की मौजूदगी में सौंपा गया चेक

जशपुर, 13 मार्च 2026।
छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी “पुलिस सैलरी पैकेज” योजना के तहत जशपुर जिले के रक्षित केंद्र में पदस्थ रहे दिवंगत आरक्षक स्व. रमेश बड़ा के परिवार को बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। योजना के अंतर्गत उनकी पत्नी सोलमा बाई को भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से 1 करोड़ रुपये की जीवन बीमा सहायता राशि प्रदान की गई।
जानकारी के अनुसार स्व. रमेश बड़ा की 06 अगस्त 2025 को दुर्घटना में आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। उस समय वे रक्षित केंद्र जशपुर में पदस्थ थे। उन्होंने 08 जनवरी 1995 को अविभाजित मध्यप्रदेश के गुना जिले से आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा प्रारंभ की थी और लंबे समय तक विभाग में अपनी सेवाएं दीं।
योजना की आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने भारतीय स्टेट बैंक जशपुर के मुख्य प्रबंधक समीर कुमार, वरिष्ठ सहायक संदीप कुमार सिंह और गौतम कुमार झा की उपस्थिति में दिवंगत आरक्षक की पत्नी सोलमा बाई एवं उनके परिजनों को 1 करोड़ रुपये का चेक सौंपा।
इस अवसर पर पुलिस एवं बैंक अधिकारियों ने परिजनों को प्राप्त राशि के सुरक्षित एवं समुचित उपयोग के संबंध में जानकारी देते हुए फंड मैनेजमेंट के बारे में भी समझाइश दी, ताकि भविष्य में इस राशि का सही उपयोग किया जा सके।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन की “पुलिस सैलरी पैकेज” योजना पुलिस परिवारों के लिए एक सुरक्षा कवच की तरह है। इस योजना के तहत ड्यूटी के दौरान या दुर्घटना में मृत्यु होने पर नामांकित सदस्य को 1 करोड़ रुपये तक का बीमा कवर, जबकि सामान्य मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है।
उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अपील की कि वे इस योजना से जुड़कर अपने वेतन खाते को एसबीआई के पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत पंजीकृत रखें तथा समय-समय पर नामांकन की जानकारी अपडेट करते रहें, ताकि विपरीत परिस्थितियों में उनके परिवार को योजना का लाभ मिल सके।
ibnul khan
editor-in- chief
-jashpur times




