जशपुर में गौ तस्करी के खिलाफ पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, 13 गौवंश मुक्त; 7 आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन शंखनाद के तहत सिटी कोतवाली और कुनकुरी पुलिस की कार्रवाई, जंगल के रास्ते पैदल ले जाए जा रहे 9 गौवंश बरामद; पिकअप वाहन से 4 गौवंशों को कराया गया मुक्त

जशपुर। जिले में गौवंश तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता के विरुद्ध जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत 2 नवंबर 2026 को सिटी कोतवाली जशपुर और कुनकुरी पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 13 गौवंशों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कुनकुरी पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी जब्त किया है।
जिले के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
जंगल के रास्ते पैदल ले जाए जा रहे थे 9 गौवंश, सिटी कोतवाली ने 4 आरोपियों को पकड़ा
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर की सुबह करीब 6:30 बजे सिटी कोतवाली जशपुर को सूचना मिली कि कुछ लोग दमेंरा जंगल के रास्ते जकबा होते हुए गौवंशों को पैदल हांककर झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जकबा जंगल के पास दो व्यक्ति 9 गौवंशों को कथित रूप से मारपीट करते हुए ले जाते मिले।
पुलिस को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने एक आरोपी यूसुफ अंसारी (48 वर्ष), निवासी डडगांव, चौकी मनोरा को पकड़ लिया, जबकि दूसरा व्यक्ति जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। आरोपी गौवंशों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने सभी 9 गौवंशों को सकुशल मुक्त कराया।
पूछताछ के दौरान पुलिस को मामले में तीन अन्य आरोपियों की संलिप्तता की जानकारी मिली। एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुरैशी (32 वर्ष), निवासी गोविन्दपुर, जिला गुमला (झारखंड), मो. एजाज अंसारी (36 वर्ष), निवासी डडगांव तथा हेमंत यादव (37 वर्ष), निवासी ओरकेला, जिला जशपुर को गिरफ्तार किया। इस मामले में कुल 4 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

कुनकुरी में पिकअप से 4 गौवंश बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में 2 नवंबर की सुबह करीब 5:45 बजे कुनकुरी पुलिस को सूचना मिली कि पिकअप वाहन क्रमांक JH-01-CG-8166 में गौवंशों को भरकर पत्थलगांव-कुनकुरी मार्ग से जशपुर की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना पर पुलिस ने लोयोला स्कूल के सामने नेशनल हाईवे पर घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन में 4 गौवंश लोड मिले। वाहन में सवार आमोद राम (24 वर्ष), मंगरा राम (45 वर्ष), दोनों निवासी भेलवाडीह, थाना लोदाम तथा अल्फोना कुजूर (42 वर्ष), निवासी टिकैतगंज, थाना सिटी कोतवाली जशपुर से परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 4 गौवंशों को मुक्त कराया तथा तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गौवंशों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाने की योजना थी।
दोनों मामलों में इन धाराओं के तहत अपराध दर्ज
पुलिस ने दोनों मामलों में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौवंश तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अवैध गतिविधि में शामिल लोगों पर पुलिस की सतत निगरानी है और उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
IBNUL KHAN
EDITOR-IN-CHIEF
JASHPUR TIMES






