दोकड़ा में भव्य विश्वकर्मा पूजा एवं सामाजिक सम्मेलन, हजारों की संख्या में जुटे समाजजन
जिला स्तरीय लोहार समाज संगठन सह सेवा समिति के आयोजन में निकली भव्य रैली, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय रहे मुख्य अतिथि; समाज की विभिन्न मांगों को लेकर सौंपा गया प्रस्ताव

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इससे पहले जिला अध्यक्ष विजय विश्वकर्मा के नेतृत्व में समाज के हजारों लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में भव्य रैली निकाली। रैली दोकड़ा के विभिन्न मार्गों से होते हुए कार्यक्रम स्थल हाई स्कूल प्रांगण पहुंची। इस दौरान पारंपरिक करमा नृत्य की प्रस्तुति के साथ मुख्य अतिथियों का मंच तक स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथियों का किया गया आत्मीय स्वागत

कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर जिला अध्यक्ष विजय विश्वकर्मा एवं संगठन की टीम द्वारा मुख्य अतिथि सालिक साय सहित अन्य अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील गुप्ता, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष दिनेश चौधरी, मंडल अध्यक्ष रवि यादव भूषण वैष्णव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, जनपद सदस्य, सरपंच, उपसरपंच, पंच एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जिलेभर से पहुंचे समाजजनों का संगठन की ओर से सामाजिक परिचय, स्वागत एवं सम्मान किया गया।
सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होने की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वकर्मा समाज के जिला अध्यक्ष विजय विश्वकर्मा ने समाज में व्याप्त विभिन्न कुरीतियों को दूर करने के लिए सामाजिक एकता एवं सहयोग पर जोर दिया। उन्होंने नशापान, बाल विवाह, दहेज प्रथा एवं मानव तस्करी जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ मिलकर काम करने की अपील की।


उन्होंने समाज के लोगों से एक-दूसरे के सुख-दुख में सहयोग करने और सामाजिक एकजुटता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
समाज ने रखीं विभिन्न मांगें
जिला अध्यक्ष विजय विश्वकर्मा ने मुख्य अतिथि सालिक साय के समक्ष विश्वकर्मा समाज की विभिन्न मांगें भी रखीं। इनमें जशपुर जिले के सभी आठ विकासखंडों में विश्वकर्मा सामुदायिक भवन का निर्माण, पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, पात्र लोगों को चरणबद्ध तरीके से रामलला धाम के दर्शन कराने, समाज के लिए आवश्यकता के अनुसार शमशान घाट की व्यवस्था तथा लंबे समय से दाई का कार्य कर मातृत्व सेवा कर रहीं महिलाओं को मितानिन की तरह लाभ एवं प्राथमिकता देने की मांग शामिल रही।
इसके अलावा समाज की ओर से विश्वकर्मा पूजा के दिन शासकीय अवकाश घोषित करने की मांग भी रखी गई।
सालिक साय ने मांगों पर दिया सकारात्मक आश्वासन
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने अपने संबोधन में कहा कि विष्णुदेव साय सरकार जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और समाज की मांगों पर प्राथमिकता के साथ प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर कहा कि पात्र हितग्राहियों को आवास देने की प्रक्रिया जारी है और अनेक लोगों को इसका लाभ मिल चुका है, जबकि शेष पात्र लोगों के आवास भी जल्द स्वीकृत होने की बात कही।

श्री साय ने सभी विकासखंडों में सामुदायिक भवन, रामलला धाम के दर्शन, विश्वकर्मा पूजा के दिन अवकाश तथा दाई का कार्य कर रही महिलाओं को लाभ दिलाने की मांगों पर सकारात्मक रुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रतिनिधि के रूप में इन मांगों को पूरा कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। वहीं, शमशान घाट के लिए जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चलने की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दिनेश चौधरी एवं मानव अधिकार जनजागरण मंच के प्रदेशाध्यक्ष दधिबल विश्वकर्मा ने भी संबोधित किया।
अतिथियों को भेंट किया गया हसिया
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं उपस्थित प्रमुख अतिथियों को समाज की ओर से प्रतीक चिन्ह के रूप में धान कटाई में उपयोग होने वाला हसिया भेंट किया गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने भी कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सफल बनाने में तत्परता के साथ सहयोग किया।


संगठन के पदाधिकारियों की रही गरिमामय उपस्थिति
कार्यक्रम में विजय विश्वकर्मा, जिला अध्यक्ष; अनिल कुमार, जिला उपाध्यक्ष; अमित कुमार, जिला सचिव; कलम सिंह विश्वकर्मा, जिला महामंत्री; सूर्यो कुमार, जिला प्रवक्ता; विशाल विश्वकर्मा, जिला मीडिया प्रभारी; शिवचरण विश्वकर्मा, जिला सदस्य; मोतीलाल राम, जिला संरक्षक; सुरजनाथ विश्वकर्मा, जिला प्रभावी सदस्य एवं राकेश राम, जिला प्रभावी सदस्य सहित विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा सतीश राम, ब्लॉक अध्यक्ष कांसाबेल; गजानंद राम, ब्लॉक अध्यक्ष कुनकुरी; आनंद विश्वकर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष पत्थलगांव; सावना राम विश्वकर्मा, सेक्टर अध्यक्ष फरसाबहार तथा खचड़ राम, अध्यक्ष बगीचा सेक्टर-2 करमा लोहार विश्वकर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति रही।

भव्य आयोजन के दौरान सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपरा और संगठन की मजबूती का संदेश देखने को मिला। हजारों समाजजनों की मौजूदगी ने विश्वकर्मा पूजा एवं सामाजिक सम्मेलन को यादगार बना दिया।
Ibnul khan
Editor-in-chief
Jashpur Times | सच सब तक







