क्राइमछत्तीसगढ़जशपुरटॉप न्यूज़लोकल न्यूज़

जशपुर में 4-5 वर्षीय मासूम की नृशंस हत्या का खुलासा, 27 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

सन्ना थाना क्षेत्र में खेत के गड्ढे से बोरी में बंद मिला था बालक का शव; पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर जल्दी पैसा कमाने के लालच में आरोपी ने बनाई थी हत्या की योजना

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में 4-5 वर्षीय मासूम बालक जितेंद्र राम की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 27 वर्षीय आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया पर अधिक पैसा कमाने के तरीके तलाश रहा था। इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया और कथित तौर पर इसी लालच में उसने मासूम की हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक बालक का शव, हत्या में प्रयुक्त चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी तथा मृतक के शरीर से निकाले गए अंगों को रखने में इस्तेमाल की गई सामग्री सहित अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।

5 नवंबर से लापता था मासूम, 7 नवंबर को खेत में मिला शव

पुलिस के अनुसार, ग्राम लोढ़ेनापाठ महुआ निवासी रामजीत राम (36 वर्ष) ने 7 नवंबर 2026 को थाना सन्ना में अपने 4-5 वर्षीय पुत्र जितेंद्र राम के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

प्रार्थी ने बताया कि वह करीब एक वर्ष पहले परिवार के साथ मजदूरी करने ग्राम सन्ना आया था और आमटचुआ नदी डेम के पास बनी झोपड़ी में परिवार सहित रहता था। ग्राम गोर्रापाठ निवासी बासुदेव उर्फ टंगनू रिश्ते में उसका ममेरा भाई है और उसका परिवार के घर आना-जाना था।

रिपोर्ट के मुताबिक, 5 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे आरोपी बासुदेव प्रार्थी के घर के पास आया और उसे तथा एक अन्य परिचित व्यक्ति को अपने साथ शराब पीने ले गया। इसके बाद प्रार्थी और दूसरा व्यक्ति बस स्टैंड की ओर चले गए, जबकि आरोपी अपनी झोपड़ी की तरफ लौट गया।

बाद में जब रामजीत अपनी झोपड़ी पहुंचा तो उसका बेटा जितेंद्र वहां नहीं मिला। तलाश के दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि उसने बालक को बासुदेव के साथ एक खेत की झोपड़ी की ओर जाते देखा था।

7 नवंबर की सुबह परिजन फिर से बालक की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान सन्ना गांव में एक खेत की मक्का बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में बोरी के अंदर कंबल और गोधड़ी में लिपटा हुआ बालक का शव मिला। शव मिट्टी से हल्का दबा हुआ था।

सोशल मीडिया पर पैसे कमाने के तरीके तलाश रहा था आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और संदेही बासुदेव उर्फ टंगनू (27 वर्ष), निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करीब एक वर्ष से ग्राम सन्ना में मजदूरी कर रहा था। वह एक व्यक्ति के खेत में साग-सब्जी की फसल उगाने का काम करता था और वहीं बनी झोपड़ी में रहता था।

आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह मजदूरी से मिलने वाली रकम से संतुष्ट नहीं था और जल्दी अधिक पैसा कमाना चाहता था। इसके लिए वह सोशल मीडिया पर कमाई के अलग-अलग तरीके तलाशता रहता था। इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया।

बच्चे को बहलाकर ले गया, शराब पिलाने के बाद हत्या करने का आरोप

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, आरोपी के मेमोरेंडम कथन में सामने आया कि 5 नवंबर को रामजीत और उसके परिचित व्यक्ति के साथ शराब पीने के बाद वह लौट रहा था। रास्ते में उसे रामजीत का मासूम बेटा जितेंद्र मिला। आरोपी कथित तौर पर बच्चे को बहलाकर अपने साथ गुलाम अंसारी के खेत में बनी झोपड़ी में ले गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी बच्चे को महानदी डेम के पास सौर ऊर्जा प्लेट के नीचे ले गया और कुछ समय जंगल की ओर घुमाने के बाद वापस लौटा। इसके बाद वह बच्चे को लेकर सन्ना खुटाटांगर गया, जहां से शराब और मुर्गा खरीदा। आरोपी ने मुर्गा बनाया और बच्चे को भी शराब पिलाई।

पुलिस के मुताबिक, बच्चे के नशे में सो जाने के बाद आरोपी ने पहले से अपने पास रखे चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद शरीर के अंग निकालने और छिपाने की बात आई सामने

पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार, आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में बताया कि हत्या के बाद उसने चाकू से मृतक के सीने और पेट को काटकर किडनी, फेफड़ा एवं आंख निकालकर प्लास्टिक की बाल्टी में रखे थे।

इसके बाद उसने शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भरा और बहादुर के खेत में पानी से भरे गड्ढे में रखकर मिट्टी से दबा दिया। आरोपी ने चाकू, फावड़ा और प्लास्टिक की बाल्टी को बांस के झाड़ के पास गड्ढा खोदकर छिपाने की बात भी बताई।

आरोपी की निशानदेही पर शव और महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद

पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक बालक का शव, घटना में प्रयुक्त चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी तथा मृतक के शरीर से निकाले गए अंगों सहित अन्य संबंधित सामग्री बरामद की है। पुलिस ने शव का विधिवत पंचनामा तैयार कर डॉक्टर से पोस्टमार्टम कराया।

मामले में थाना सन्ना में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(1)(बी), 103(1) एवं 238(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस गंभीर मामले की जांच एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी सन्ना निरीक्षक राकेश यादव, उप निरीक्षक आभास मिंज, प्रधान आरक्षक सुमन टोप्पो, रविन्द्र एक्का, विजय खूंटे तथा आरक्षक महेश्वर यादव, प्रवीण खलखो एवं बलबीर भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने इस घटना के पीछे जल्दी पैसा कमाने की कथित लालसा और इंटरनेट के गलत इस्तेमाल को प्रमुख कारण बताया है।

IBNUL KHAN

EDITOR-IN-CHIEF

JASHPUR TIMES

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!