ऑपरेशन शंखनाद: जशपुर पुलिस ने गौ तस्करी पर कसा शिकंजा, 6 गौवंश मुक्त, तस्कर गिरफ्तार
सोनक्यारी क्षेत्र के जंगल में पैदल हांककर ले जाए जा रहे थे गौवंश, मुखबिर की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई

जशपुर।
गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत जशपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना चौकी सोनक्यारी क्षेत्रांतर्गत ग्राम झरगांव छाता टांगर के जंगल की है। 27 मई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति जंगल के रास्ते 6 गौवंशों को मारते-पीटते हुए पैदल लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज भगत (35 वर्ष) निवासी ग्राम बछरांव, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी गौवंशों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सभी 6 गौवंशों को सुरक्षित बरामद कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत मामला दर्ज किया।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद गौवंश थाना सन्ना क्षेत्र के दो व्यक्तियों के हैं और उनके कहने पर वह इन्हें लेकर जा रहा था। पुलिस ने दोनों संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जेल भेजा गया आरोपी
अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी सूरज भगत को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी सोनक्यारी सहायक उप निरीक्षक वैभव कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक नरेंद्र यादव और विमल मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी ने दी चेतावनी |डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। सोनक्यारी क्षेत्र से 6 गौवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया गया है और एक तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। गौ तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा|
Ibnul khan
Editor-in-chief
Jashpur times








