कांसाबेल में भारी बारिश के बीच गणपति बप्पा की भावपूर्ण विदाई, मूसलाधार बरसात में भी कम नहीं हुआ भक्तों का उत्साह
गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंजा कांसाबेल, विभिन्न पंडालों से निकली विसर्जन रैली; अन्य प्रदेशों से आए कलाकारों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

कांसाबेल। कांसाबेल में शुक्रवार को भारी बारिश के बीच विभिन्न स्थानों पर विराजे गणपति बप्पा को भावपूर्ण विदाई दी गई। मूसलाधार बरसात के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और गणपति विसर्जन रैलियों के दौरान पूरा कांसाबेल “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों से गूंज उठा।
विभिन्न गणपति पंडाल समितियों द्वारा बप्पा की प्रतिमाओं को लेकर भव्य विसर्जन रैली निकाली गई। बारिश के कारण आसपास के विभिन्न ग्रामों से हर वर्ष विसर्जन देखने कांसाबेल पहुंचने वाले कई श्रद्धालु इस बार नहीं पहुंच सके, लेकिन स्थानीय लोगों और भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई।
अन्य प्रदेशों से आए कलाकार रहे आकर्षण का केंद्र
विसर्जन रैली के दौरान अन्य प्रदेशों से आए कलाकारों ने देवी-देवताओं का रूप धारण कर हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किए। कलाकारों की प्रस्तुतियां और करतब विसर्जन रैली में आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे।
एक साथ हुआ कई गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन
कांसाबेल शहर के कई पंडालों में विराजे गणपति बप्पा की प्रतिमाओं का एक साथ विसर्जन किया गया। इनमें लालबाग के राजा के 2019 के स्वरूप वाली गणेश प्रतिमा भी शामिल रही।
शाम लगभग 8 बजे तक गणपति प्रतिमाओं की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती के बाद विसर्जन का दौर जारी रहा। नेशनल हाईवे-43 पर संतोषी मंदिर के पास स्थित विसर्जन तालाब में श्रद्धालुओं ने नम आंखों से बप्पा को विदाई दी और अगले वर्ष फिर आने की कामना की।
भारी बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था।
🎥 देखिए कांसाबेल में गणपति विसर्जन कार्यक्रम की खास झलकियां, सिर्फ Jashpur Times ke facebook instagram youtube पर।
Jashpur Times — सच सब तक।
ibnul khan
editor-in-chief,jashpur times




