क्राइमछत्तीसगढ़जशपुरटॉप न्यूज़लोकल न्यूज़

ऑपरेशन शंखनाद: 17 गौवंश तस्करों के चंगुल से मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार

सिटी कोतवाली क्षेत्र में 8 गौवंश बरामद, लोदाम के जामटोली जंगल में पिकअप से मिले 9 गौवंश; 2 की हो चुकी थी मौत

जशपुर। गौवंश तस्करी एवं पशुओं के साथ क्रूरता के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली जशपुर एवं थाना लोदाम क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 17 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि लोदाम क्षेत्र में तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जब्त कर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

सिटी कोतवाली क्षेत्र में पैदल हांककर ले जा रहे थे 8 गौवंश

पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ग्राम छोटा बनई के जंगल के रास्ते गौवंशों को पैदल हांकते हुए ले जा रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से 8 गौवंशों को सकुशल बरामद किया और एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया।

पूछताछ में उसकी पहचान अजय नगेशिया (36 वर्ष), निवासी ग्राम कुंडिग महुआ टोली, थाना लोदाम, जिला जशपुर के रूप में हुई। पुलिस द्वारा गौवंशों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस के अनुसार, पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार किए जाने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

लोदाम के जामटोली जंगल में पिकअप से मिले 9 गौवंश

इसी दौरान 23 सितंबर की रात करीब 12:30 बजे थाना लोदाम पुलिस को सूचना मिली कि पिकअप वाहन क्रमांक JH-05-DD-7297 में बड़ी संख्या में गौवंशों को भरकर जशपुर से पतराटोली होते हुए झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है।

सूचना पर पुलिस ने ग्राम भलमंडा के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को जामटोली की ओर तेज गति से भगाने लगा।

पुलिस टीम ने पीछा किया। जामटोली रास्ते के जंगल के पास चालक पिकअप छोड़कर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।

पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें ठूंस-ठूंसकर 9 गौवंश भरे मिले। इनमें से 2 गौवंशों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने बरामद गौवंशों का आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण पशु चिकित्सक से कराया और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया।

फरार आरोपियों की पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही है।

दोनों मामलों में अपराध दर्ज

पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित थानों में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की है।

पुलिस कप्तान ने कहा—ऑपरेशन शंखनाद रहेगा जारी

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि गौ तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन शंखनाद’ निरंतर जारी है। सिटी कोतवाली एवं लोदाम क्षेत्र की अलग-अलग कार्रवाई में कुल 17 गौवंशों को मुक्त कराया गया है।

उन्होंने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि लोदाम मामले में तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त किया गया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार गौवंश तस्करी एवं पशुओं के साथ क्रूरता में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

सिटी कोतवाली जशपुर: थाना प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, PSI लक्ष्मी मरकाम, आरक्षक शोभनाथ सिंह एवं नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख।

थाना लोदाम: थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, आरक्षक अजय केरकेट्टा, बूटा सिंह एवं बसंत यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Ibnul khan 

Editor-in-chief

Jashpur Times | सच सब तक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!