ऑपरेशन शंखनाद: जशपुर पुलिस ने ट्रक से 38 गौवंश को छुड़ाया, चालक फरार
कांसाबेल क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई, ट्रक जब्त, तस्करों की तलाश जारी

जशपुर। जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कांसाबेल थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ट्रक से 38 नग गौवंश को तस्करी से मुक्त कराया है।
पुलिस कप्तान डॉ लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक (क्रमांक JH-02-BM-4221) में बड़ी संख्या में गौवंश को भरकर नेशनल हाईवे-43 से ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने बेला घाट में नाकाबंदी की।
संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेजी से भगाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने पीछा किया, जिसके बाद आरोपी ग्राम नारायण बहली के पास ट्रक छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला।
ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें 38 गौवंश को ठूंस-ठूंस कर भरा हुआ पाया गया। सभी पशुओं को सुरक्षित बरामद कर उनका पशु चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी कांसाबेल निरीक्षक जितेंद्र ताम्रकार सहित पुलिस टीम की इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और गौ तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा
Ibnul khan
Editor-in-chief
Jashpur times








