क्राइमछत्तीसगढ़जशपुरटॉप न्यूज़लोकल न्यूज़

हेडजेक्सफंड ठगी कांड: पैसा दुगुना करने का झांसा देकर लाखों की ठगी, जशपुर पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार

बगीचा-सन्ना क्षेत्र के ग्रामीण बने शिकार, मुख्य आरोपी रिमांड पर, जांच जारी

जशपुर, 14 अप्रैल 2026।
जशपुर जिले के बगीचा और सन्ना क्षेत्र में “hedgexfund” नामक नेटवर्क कंपनी के माध्यम से पैसा दुगुना करने का लालच देकर ग्रामीणों से ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। जशपुर पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रहा है

मामले की शुरुआत तब हुई जब थाना सन्ना क्षेत्र के ग्राम कापू टोली निवासी 26 वर्षीय उर्मिला बाई ने दिनांक 10 अप्रैल 2026 को थाना बगीचा में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2023 में उनकी पहचान लोदाम क्षेत्र के ग्राम रूपसेरा भलमंडा निवासी कालेश्वर राम और मीनी बाई (पति-पत्नी) से हुई थी।

कुछ समय बाद ये दोनों अन्य आरोपियों के साथ उर्मिला बाई के घर पहुंचे और खुद को “hedgexfund” नामक नेटवर्क कंपनी का प्रतिनिधि बताया। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि इस कंपनी में निवेश करने पर मात्र 3 महीने में रकम दोगुनी हो जाएगी, और यदि ऐसा नहीं हुआ तो ब्याज सहित पैसा वापस कर दिया जाएगा।

कैसे दिया झांसा?

आरोपियों ने गांव-गांव जाकर लोगों को लालच दिया और उन्हें निवेश के लिए प्रेरित किया।
प्रार्थिया उर्मिला बाई ने वर्ष 2023 में 20 हजार रुपए, फिर 10 जनवरी 2024 को 1 लाख रुपए और 19 जनवरी 2024 को 50 हजार रुपए, कुल 1 लाख 70 हजार रुपए आरोपियों को नकद एवं ऑनलाइन माध्यम से दिए।वहीं उनकी मां चंद्रमणि बाई ने भी 15 फरवरी 2024 को 40 हजार रुपए निवेश किए।आरोपियों ने निवेश करने वालों को एक ऑनलाइन वॉलेट का आईडी और पासवर्ड दिया, जिसमें लॉगिन करने पर रकम डॉलर में दिखाई देती थी। इससे लोगों को भरोसा हो गया कि उनका पैसा बढ़ रहा है।

फिर कैसे खुला ठगी का राज?

कुछ समय बाद अचानक वह ऑनलाइन वॉलेट सिस्टम बंद हो गया। जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने टालमटोल करना शुरू कर दिया।तब जाकर लोगों को एहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है। जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने बगीचा और सन्ना क्षेत्र के कई ग्रामीणों को इसी तरह अपने जाल में फंसाया है।

पुलिस की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बगीचा पुलिस ने तत्काल भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने निम्नलिखित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया—

  1. शिवशंकर राम (29 वर्ष), ग्राम घाघरा, थाना सन्ना
  2. मीनी बाई (52 वर्ष), ग्राम रूपसेरा भलमंडा, थाना लोदाम
  3. कालेश्वर राम (48 वर्ष), ग्राम रूपसेरा भलमंडा, थाना लोदाम
  4. अनिल लकड़ा (50 वर्ष), ग्राम जरिया बरटोली, जशपुर
  5. शिवनाथ राम (27 वर्ष), ग्राम दमेरा रायकोना, जशपुर
  6. नीरा सिंह (36 वर्ष), दरबारी टोली, जशपुर पुलिस ने आरोपी शिवशंकर राम के कब्जे से एक टोयोटा टायजर कार (क्रमांक JH- 01FU-9460) भी जब्त की है।

जेल और रिमांड की कार्रवाई

पुलिस पूछताछ में अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।वहीं मुख्य आरोपी शिवशंकर राम को पुलिस रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की जा रही है, जिससे और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

ठगी की रकम और पीड़ितों की संख्या बढ़ सकती है

पुलिस के अनुसार, इस मामले में ठगी की रकम लाखों रुपए में हो सकती है और पीड़ितों की संख्या भी बढ़ने की आशंका है। जांच के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी का बयान

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि बगीचा क्षेत्र में नेटवर्किंग कंपनी के नाम पर पैसा दुगुना करने का लालच देकर ठगी करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।उन्होंने कहा कि 5 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी से पूछताछ जारी है। मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।


महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, एएसआई अनिल कुमार कामरे, नरेश मिंज एवं महिला आरक्षक लीलावती यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि “पैसा जल्दी दोगुना” करने के लालच में लोग आसानी से ठगी का शिकार हो जाते हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे किसी भी निवेश से पहले पूरी जानकारी अवश्य लें।

Ibnul khan

Editor-in-chief

Jashpur times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!