जशपुर में हेलमेट नहीं पहनने पर सख्ती, 28 शासकीय कर्मचारियों पर जुर्माना
कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष अभियान, ₹14 हजार का चालान वसूला गया

जशपुर। जिले में यातायात नियमों के पालन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। हेलमेट की अनिवार्यता को गंभीरता से लागू करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिसमें नियमों की अनदेखी करने वाले शासकीय कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वाले 28 शासकीय कर्मचारियों को चिन्हित किया गया। सभी के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कुल ₹14,000 का चालान वसूला गया।
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी, चाहे वे आम नागरिक हों या शासकीय कर्मचारी।
इससे पहले जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान भी चलाया गया था। कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में शहर में हेलमेट जागरूकता रैली निकाली गई थी, ताकि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा सके।
अब जागरूकता के बाद प्रशासन सख्ती के मोड में आ गया है। कलेक्टर और पुलिस कप्तान ने सभी शासकीय कर्मचारियों और पुलिस बल के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया है, ताकि वे आम नागरिकों के लिए उदाहरण प्रस्तुत कर सकें।
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिले के अन्य शासकीय कार्यालयों में भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।
➡️ अपील: जशपुर पुलिस और जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया में सीट बेल्ट का उपयोग करने की अपील की है।
Ibnul khan
Editor-in-chief
Jashpur times







