जशपुर में प्लेन क्रैश की अफवाह निकली फर्जी, प्रशासन की जांच में नहीं मिले कोई सबूत
ड्रोन जांच में नहीं मिला कोई मलबा, ATC ने भी हादसे से किया इनकार
जशपुर। जिले के नारायणपुर क्षेत्र में कथित प्लेन क्रैश को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबरें पूरी तरह निराधार साबित हुई हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब तक किसी भी प्रकार के विमान हादसे के कोई ठोस सबूत नहीं मिले हैं।
कलेक्टर रोहित व्यास ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल दो तस्वीरों और जंगल से उठते धुएं के आधार पर यह अफवाह फैली थी। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और विस्तृत जांच शुरू की गई।
प्रशासन द्वारा पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन के माध्यम से की गई, लेकिन कहीं भी विमान गिरने या मलबा मिलने जैसे कोई संकेत नहीं मिले।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ओडिशा और झारखंड के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से भी संपर्क किया गया, जहां से भी किसी विमान के लापता होने या क्रैश की पुष्टि नहीं हुई।
कलेक्टर ने बताया कि गर्मी के मौसम में जंगलों में आग लगना सामान्य है और इसी आग से उठने वाला धुआं दूर से देखने पर किसी बड़े हादसे जैसा प्रतीत हो सकता है। प्रारंभिक जांच में यही संभावना सामने आई है कि जंगल में लगी आग को ही प्लेन क्रैश समझ लिया गया।
फिलहाल प्रशासन, पुलिस और वन विभाग की टीमें क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी अपुष्ट खबर या अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें|
Ibnul khan
Editor-in-chief
Jashpur times








