पत्थलगांव में युवक के पास मिला देसी कट्टा और दो कारतूस, आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार
चिड़रा पारा में घूमते समय पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, हथियार के स्रोत की जांच जारी

पत्थलगांव, जशपुर। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को अवैध रूप से देसी कट्टा एवं दो जिंदा कारतूस रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को शाम करीब 3:21 बजे थाना पत्थलगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकेश सिंह सिदार (32 वर्ष), निवासी ग्राम ढोढ़ी टिकरा, थाना पत्थलगांव अपने पास देसी कट्टा लेकर चिड़रा पारा क्षेत्र में घूम रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान गवाहों की उपस्थिति में उसके कब्जे से एक देसी कट्टा एवं दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को यह देसी कट्टा कहां से प्राप्त हुआ, इस संबंध में जांच जारी है और मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
IBNUL KHAN
EDITOR-IN-CHIEF
JASHPUR TIMES







