Breaking News ऑपरेशन आघात: जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घर की बाड़ी से 40 गांजे के पौधे जप्त, आरोपी गिरफ्तार
लोदाम के खिखिर टोली में घर के पीछे साड़ी और नेट से घेरकर उगाया जा रहा था गांजा, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

जशपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत जशपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना लोदाम क्षेत्रांतर्गत ग्राम खिखिर टोली में घर की बाड़ी में अवैध रूप से गांजा उगाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 40 नग गांजे के पौधे जप्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी विजय सिंह (58 वर्ष), निवासी ग्राम लोदाम खिखिर टोली के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(A) के तहत अपराध दर्ज किया है। जप्त गांजे के पौधों का कुल वजन 3 किलो 646 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 82 हजार 300 रुपए आंकी गई है।
बाड़ी में साड़ी और नेट लगाकर छिपाया था गांजा | पुलिस के अनुसार 26 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर के आंगन के पास बाड़ी में भारी मात्रा में गांजा उगा रहा है और पौधों को छिपाने के लिए चारों तरफ प्लास्टिक नेट और साड़ी का घेरा बनाया गया है।
सूचना पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने एफएसएल टीम और गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान पुलिस को घेरे के भीतर अवैध गांजे के पौधे मिले। जांच में 18 बड़े और 22 छोटे पौधों सहित कुल 40 पौधे बरामद किए गए। बड़े पौधों की ऊंचाई लगभग 4 फीट 7 इंच तक पाई गई।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
मौके से आरोपी विजय सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जशपुर पुलिस नशे के कारोबारियों और अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
Ibnul khan
Editor-in-chief
Jashpur times








