
जशपुर। जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर लूटपाट और हत्या के प्रयास के गंभीर मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान रितेश प्रताप सिंह उर्फ लक्की (23 वर्ष) निवासी डुगडुगिया के रूप में हुई है, जो पूर्व में जिला बदर भी रह चुका है।
पुलिस के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 की रात आरोपी अपने दो साथियों के साथ प्रार्थी के घर में घुसा और अलमारी से ₹2 लाख 10 हजार नगद, मोबाइल फोन और चांदी का पायल लूट लिया। विरोध करने पर आरोपी ने प्रार्थी की बहू का मुंह तकिए से दबाकर हत्या का प्रयास भी किया।
घटना के बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। मामले में थाना कुनकुरी में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इस मामले में डीआईजी एवं एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह के निर्देशन में एसडीओपी कुनकुरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और साइबर यूनिट की मदद से आरोपी की तलाश की गई।
पुलिस ने मुख्य आरोपी लक्की सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ₹18 हजार नगद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
फिलहाल मामले के दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम के अधिकारियों और जवानों की सराहनीय भूमिका रही।
Ibnul khan
Editor-in-chief
Jashpur times







