
कांसाबेल/जशपुर। “गो सम्मान आह्वान अभियान” के तहत छत्तीसगढ़ में गौ माता की सुरक्षा, सेवा और उन्हें “राज्य माता” घोषित करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजा गया है।
दिनांक 27 अप्रैल 2026 को जारी इस पत्र में अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने प्रदेश में गौवंश की समुचित देखरेख, संरक्षण और सम्मान सुनिश्चित करने की अपील की है। पत्र के माध्यम से राज्य सरकार से यह भी अनुरोध किया गया है कि गौ आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया गया है कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान में गौ सेवा का विशेष महत्व रहा है। साथ ही यह भी कहा गया कि गौ आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर किसानों को रासायनिक खेती से मुक्ति दिलाई जा सकती है और उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।
आवेदन में यह भी मांग की गई है कि प्रदेश में गौ संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए इसे व्यापक स्तर पर लागू किया जाए तथा केंद्र सरकार को भी “राष्ट्रमाता” के रूप में मान्यता देने के लिए अनुशंसा भेजी जाए।
अभियान से जुड़े लोगों का मानना है कि यदि गौ आधारित योजनाओं को मजबूती मिले तो प्रदेश की अर्थव्यवस्था, ग्रामीण जीवन और पर्यावरण को बड़ा लाभ मिलेगा।
Ibnul khan
Editor-in-chief
Jashpur times








