
जशपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा जशपुर में बाइक हेलमेट जागरूकता रैली निकाली गई।
यह रैली कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस कप्तान डॉ लाल उमेद सिंह एवं नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद कुमार भगत के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसमें 70 से अधिक पुलिस व नगर सेना के जवान शामिल हुए।

रैली रक्षित केंद्र जशपुर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों—टिकिटगंज, बाघिमा, महाराज चौक, रणजीता स्टेडियम, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, भागलपुर, दरबारी टोली, बाजार डांड और बस स्टैंड—से होते हुए पुनः रक्षित केंद्र में समाप्त हुई।
इस दौरान “हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें और परिवार को खुश रखें” का संदेश दिया गया।
रक्षित केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा कि दोपहिया दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें हेलमेट नहीं पहनने के कारण सिर में गंभीर चोट लगने से होती हैं। हेलमेट पहनने से इन जोखिमों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य है। दोपहिया वाहन चलाने और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट जरूरी है।
नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद कुमार भगत ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जिम्मेदार नागरिक बनें और नाबालिगों को वाहन चलाने से रोकें।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों और कर्मचारियों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।

इस दौरान ADM प्रदीप साहू, तहसीलदार महेश्वर उइके, DSP यातायात कुंजराम चौहान, जिला परिवहन अधिकारी विजय निकुंज, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे एवं यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खोमराज ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि हेलमेट पहनें, सीट बेल्ट लगाएं, नशे में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन कर “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” के संदेश को अपनाएं।
ibnul khan
editor-in-chief, jashpur times








