कांसाबेल के पीएम श्री कन्या प्राथमिक आश्रम में एक्सपर्ट टॉक, छात्राओं को मिला जीवन कौशल और संस्कारों का मार्गदर्शन
शिक्षा, विज्ञान, खेल, संगीत, नैतिकता व जीवन कौशल पर विशेषज्ञों ने दिया प्रेरक उद्बोधन

कांसाबेल / जशपुर। पीएम श्री शासकीय कन्या प्राथमिक आश्रम कांसाबेल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से एक दिवसीय “एक्सपर्ट टॉक” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ जीवन कौशल, नैतिक मूल्यों, खेल, संगीत, विज्ञान, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं संस्कार जैसे विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों का बैच लगाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं के बीच विशेष उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली।
कार्यक्रम में विकासखंड कांसाबेल के समन्वयक श्री मनोज कुमार चौहान, सेवानिवृत्त वरिष्ठ शिक्षक श्री साहू जी, क्रीड़ा विभाग से खेमसागर यादव, संगीत विशेषज्ञ अनिल कुमार यादव, प्रभारी प्राचार्य सुश्री टिकेश्वरी शर्मा, समग्र शिक्षक मंडल कांसाबेल से संध्या भोई, पीएम श्री साल की प्रधान पाठक श्रीमती सुमन रवानी सहित समस्त शैक्षणिक स्टाफ एवं विद्यालय कर्मचारी उपस्थित रहे।
विभिन्न विषयों पर मिला विशेष मार्गदर्शन
सेवानिवृत्त वरिष्ठ शिक्षक श्री साहू ने अपने उद्बोधन में नैतिकता, स्वच्छता और व्यवहारिक शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को केवल पाठ्यपुस्तक ज्ञान ही नहीं बल्कि जीवनोपयोगी कौशल भी सीखना चाहिए।
विकासखंड समन्वयक श्री मनोज कुमार चौहान ने विज्ञान को दैनिक जीवन से जोड़ते हुए उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि किस प्रकार विज्ञान हमारे आसपास की हर गतिविधि से जुड़ा है। उन्होंने छात्राओं में जिज्ञासा और प्रयोगात्मक दृष्टिकोण विकसित करने पर बल दिया।

संगीत विशेषज्ञ अनिल कुमार यादव ने निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण को सफलता की कुंजी बताते हुए संगीत शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को कला के माध्यम से आत्मविश्वास बढ़ाने की प्रेरणा दी।
क्रीड़ा विभाग से खेमसागर यादव ने खेलों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक संतुलन और नेतृत्व क्षमता के विकास में भी सहायक होते हैं।
प्रभारी प्राचार्य सुश्री टिकेश्वरी शर्मा ने संस्कार, संस्कृति और लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य तय करने और निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

संध्या भोई ने जीवन कौशल एवं बालिका शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि छात्राओं को अपनी शिक्षा पूर्ण कर आत्मनिर्भर बनना चाहिए और अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर आगे बढ़ना चाहिए।
सकारात्मक पहल
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की और विशेषज्ञों से प्रश्न पूछकर मार्गदर्शन प्राप्त किया। आयोजन को विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और भविष्य के प्रति नई दिशा देने वाला प्रयास बताया गया।
अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
IBNUL KHAN
EDITOR-IN-CHIEF
Jashpur Times – सच सब तक





