पत्थलगांव में 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह से संपन्न, विधायक गोमती साय ने दिलाया सशक्त छत्तीसगढ़ का संकल्प
गणतंत्र दिवस समारोह में परेड की सलामी, छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुति और संविधान के मूल्यों पर विधायक गोमती साय का संदेश

पत्थलगांव | Jashpur Times
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खेल मैदान, पत्थलगांव में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गोमती साय, विधायक पत्थलगांव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

विधायक गोमती साय ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और राष्ट्र की रक्षा में समर्पित वीर जवानों के सेवा, त्याग एवं कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिकों का समर्पण देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का मजबूत आधार है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने भारत की सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता का सुंदर संदेश दिया।

इस अवसर पर विधायक गोमती साय ने अपने संबोधन में कहा कि भारत का संविधान हमारी लोकतांत्रिक आस्था, समानता और सामाजिक न्याय का सशक्त आधार है। उन्होंने सभी नागरिकों से संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने और राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।

विधायक ने आगे कहा कि आइए, हम सभी मिलकर सशक्त, समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लें और प्रदेश को विकास के नए आयामों तक पहुँचाएं।
समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
जय हिंद, जय छत्तीसगढ़

ibnul khan
editor-in-chief, Jashpur Times




