कांसाबेल के लिए ऐतिहासिक दिन: संघ भवन ‘केशव कुंज’ का लोकार्पण, सीएम विष्णुदेव साय की गरिमामयी उपस्थिति
पूजा-अनुष्ठान में संघ परिवार के शीर्ष पदाधिकारी व प्रदेशभर से हजारों स्वयंसेवक हुए शामिल

रविवार का दिन कांसाबेल के लिए ऐतिहासिक रहा, जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नवनिर्मित भवन ‘केशव कुंज’ का विधिवत लोकार्पण संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित पूजा-अनुष्ठान एवं लोकार्पण कार्यक्रम में संघ परिवार के शीर्ष पदाधिकारी, प्रदेशभर से आए हजारों स्वयंसेवक एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इस भव्य आयोजन में विष्णुदेव साय स्वयं पूजा-अनुष्ठान में शामिल हुए। साथ ही विधायक पत्थलगांव गोमती साय की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
संघ के पदाधिकारी मिथलेश गुप्ता ने जशपुर टाइम्स से बातचीत में बताया कि यह केशव कुंज भवन सेवा-समर्पण समिति के माध्यम से जनसहयोग से निर्मित हुआ है, जिसका लोकार्पण आज विधिवत रूप से संपन्न हुआ।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में अखिल भारतीय सह बौद्धिक प्रमुख श्री दीपक विसपुते, अखिल भारतीय सह बौद्धिक अधिकारी श्री नारायण नामदेव, सह प्रांत प्रचारक श्री हेमंत नाग, विभाग प्रचारक एवं अन्य प्रचारकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मिथलेश गुप्ता ने कहा कि यह भवन कांसाबेल ही नहीं, पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। यह भवन राष्ट्र को समर्पित है और यहां राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियां संचालित होंगी। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं, ग्रामवासियों और जिला वासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह भवन जनसहयोग की शक्ति का प्रतीक है और आने वाले समय में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रवादी गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
ibnul khan
editor-in-chief, Jashpur TIMES




